कोरबा

खून की प्यासी हुई कोरबा की सड़क, अज्ञात वाहन की ठोकर से महिला की मौत, अब तक 190 लोगों ने गंवाई जान

Korba News: कोरबा जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही है। अभी तक अलग-अलग सड़क दुर्घटना में 190 लोगों से ज्यादा की मौत हुई है।

2 min read
Nov 24, 2024
Demo pic

Road Accident: तेज रफ्तार वाहन ने घर के बाहर बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दिया। महिला को गंभीर चोटें आई, उसकी मौत हो गई। ठोकर मारने वाली गाड़ी की पहचान नहीं हो सकी, पुलिस केस दर्ज कर पतासाजी कर रही है।

मामला कोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम तनेरा का है। गांव में रहने वाली 69 वर्ष की महिला कंचनकुंवर घर के बाहर गई थी। इस बीच सुबह 10.30 से 11 बजे के बीच अज्ञात वाहन ने उसे ठोकर मार दिया। बताया जाता है कि सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। घटना के काफी देर तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पहचान के बाद शव को परिवार को सौंप दिया गया है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।

सड़क दुर्घटना में 190 लोगों से ज्यादा की मौत

कोरबा जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही है इससे यात्री परेशान हैं। एक दिन पहले भी चोटिया क्षेत्र में शराब के नशे में धुत चालक ने ट्रेलर एक ग्रामीण के घर में घुसा दी थी। घटना में घर के सामने का हिस्सा गिर गया था जिससे दबकर एक ग्रामीण की मौत हो गई थी। दो दिन में यह दूसरी घटना है। इस साल सड़क दुर्घटनाएं पिछले साल से ज्यादा हो रही है। जिले में अभी तक अलग-अलग सड़क दुर्घटना में 190 लोगों से ज्यादा की मौत हुई है। बढ़ती दुर्घटनाओं का बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी बताई जा रही है। लोग नियम कायदों को ताक पर रख गाड़ियां चला रहे हैं।

गति अधिक होने के कारण वाहन को संभाल नहीं पा रहे हैं और हादसे का शिकार हो जाते हैं। इस साल सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं राष्ट्रीय राजमार्ग पर हो रही है। इसमें पाली से लेकर मोरगा तक का इलाका बेहद खतरनाक है। इसके साथ-साथ उरगा क्षेत्र में भी कई सड़क दुर्घटनाएं उरगा-हाटी मार्ग पर हुई हैं। दुर्घटनाओं में हो रही वृद्धि से सड़क पर चलने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसमें ज्यादा लोग दोपहिया वाहन पर सवार थे, जिन्होंने सड़क दुर्घटना में अपनी जान गंवाई। कोरबा-दर्री मार्ग पर भी हादसे दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा कोयलांचल क्षेत्र में भी घटनाएं हो रही हैं। इसमें दीपका-हरदीबाजार और कुसमुंड-कोरबा मार्ग प्रमुख है।

Updated on:
24 Nov 2024 01:12 pm
Published on:
24 Nov 2024 01:11 pm
Also Read
View All

अगली खबर