कोरबा

डकैतों ने घर में मचाया उत्पात! परिवार के 11 लोगों को बंधक बनाकर पूछते रहे… कहां हैं सौम्या चौरसिया के 5-7 करोड़?

CG Crime News: कोरबा जिले के बालकोनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तराईडांड में रहने वाले एक परिवार के घर करीब 20 डकैतों ने धावा बोल दिया।

2 min read
Nov 14, 2025
डकैतों ने घर में मचाया उत्पात! परिवार के 11 लोगों को बंधक बनाकर पूछते रहे… कहां हैं सौम्या चौरसिया के 5-7 करोड़..?(photo-patrika)

CG Crime News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालकोनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तराईडांड में रहने वाले एक परिवार के घर करीब 20 डकैतों ने धावा बोल दिया। हथियार की नोक पर परिवार के 11 सदस्यों के हाथ को रस्सी से बांध दिया। मुंह पर टेप चिपका दिया। परिवार के मुखिया से डकैत पूछते रहे कि उन्होंने सौम्या चौरसिया के पांच से सात करोड़ रुपए को कहां छिपा रखा है? रुपए छिपाने के संदेह पर डकैतों ने घर में चार जगहों पर खुदाई भी कर दी।

CG Crime News: संदिग्ध रकम की खोज में की खुदाई

जब रुपए नहीं मिले तो डकैत मकान से जेवर और डेढ़ लाख नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस आधी रात हुई इस घटना की जांच कर रही है। डकैतों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग टीमें काम कर रहीं हैं। पीड़ित परिवार के मुखिया शत्रुघ्न दास ने बताया कि डकैत बाउंड्रीवाल को फांदकर उनके आंगन में आए। एक-एक कर परिवार के सदस्यों को कब्जे में लिया। एक कमरे में ले जाकर सभी के हाथ को रस्सी से बांध दिया और मुंह पर टेप चिपका दिया।

परिवार के मुखिया शत्रुघ्न के सामने चाकू अड़ा दिया। डकैत शत्रुघ्न से पूछ रहे थे कि उन्होंने सौम्या चौरसिया का धन कहां छिपा रखा है? शत्रुघ्न ने जब रुपए होने से इनकार तो डकैतों ने उसे डराया धमकाया और घर में जमीन के भीतर रुपए छिपाने के संदेह पर शत्रुघ्न के मकान में बेडरूम समेत चार जगहों पर खुदाई की। डकैतों ने बाथरूम तक को नहीं छोड़ा। उसे भी खोद डाला। घर से जो डेढ़ लाख रुपए डकैत ले गए हैं, उसे शत्रुघ्न ने अपनी छोटी बेटी की शादी के लिए रखा था। बता दें कि पिछली सरकार में सीएम ऑफिस में सौम्या चौरसिया उप सचिव थीं।

सौम्या के घर बचपन से रही शत्रुघ्न की बेटी बबीता

पीड़ित परिवार का सौम्या चौरसिया के परिवार से पुराना नाता है। बचपन से शत्रुघ्न की बड़ी बेटी बबीता सौम्या के घर रहती थी। सौम्या ने ही बबीता की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक का खर्च उठाया। सौम्या के भिलाई स्थित आवास में रहकर बबीता ने एमबीए तक की पढ़ाई की। बबीता भी सौम्या को अपनी बड़ी दीदी मानती है। हालांकि बबीता की शादी हो गई है। वह अब कोरबा के ग्राम खम्हरिया में रहती है। उसके पति डॉक्टर हैं।

डकैतों को संदेह था कि सौम्या ने बबीता के जरिए अवैध तरीके से की गई कमाई को कोरबा में शत्रुघ्न के घर छिपाया है। कोरबा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर ने कहा की बालकोनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तिलाईडांड में डकैती हुई है। इसकी जांच की जा रही है। परिवार का बयान दर्ज किया गया है। डकैतों तक पहुंचने के लिए साइबर एक्सपर्ट लगे हुए हैं। अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।

Published on:
14 Nov 2025 09:29 am
Also Read
View All

अगली खबर