- सर्वमंगला नदी से जल लेकर श्रद्धालु पदयात्रा कर कनकेश्वरधाम तक पहुंचेंगे।
कोरबा. सावन मास २८ जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। जिले के ग्राम कनकी स्थित प्रसिद्ध कनकेश्वरधाम में सर्वाधिक भक्तों की भीड़ उमड़ती है। रविवार की सुबह से यहां भगवान शिव का जलाभिषेक करने भक्तों की भीड़ लगनी प्रारंभ हो जाएगी। सर्वमंगला नदी से जल लेकर श्रद्धालु पदयात्रा कर कनकेश्वरधाम तक पहुंचेंगे। मंदिर प्रबंधन द्वारा सावन मास के मद्देनजर यहां पूरी तैयारी कर ली गई है। श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसके लिए पर्याप्त प्रबंध किये गए हैं। मंदिर में अव्यवस्था न हो इसके लिए पुलिस जवान भी मंदिर के आसपास तैनात रहेंगे। इसके अलावा शहर सहित उपनगरीय व ग्रामीणों क्षेत्रों में स्थित शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने श्रद्धालु पहुंचेंगे।
कांवरिया संघ द्वारा निकाली जाएगी कांवर यात्रा
सावन मास में पडऩे वाले प्रत्येक सोमवार को कोरबा कांवरियां संघ द्वारा सर्वमंगला मंदिर के सामने कांवरिया घाट से हसदेव नदी का जल लेकर कांवर यात्रा निकाली जाएगी। प्रात: चार बजे सर्वमंगला नदी से जल लेकर कनकेश्वरधाम के लिए यात्रा प्रारंभ होगी। कांवर यात्रा 30 जुलाई, छह अगस्त, 13 अगस्त, 20 अगस्त तथा 26 अगस्त को निकाली जाएगी।
गूंजेंगे बोल बम के जयकारे
कांवरिये पदयात्रा के दौरान भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ेंगे। इस दौरान पूरा मार्ग बोल बम के जयकारों से गुंजायमान होगा। सभी ओर श्रद्धालु शिव की भक्ति में लीन रहेंगे। कांवरियों के लिए समाजसेवी संस्थाओं द्वारा जगह-जगह चाय एवं शरबत के स्टाल लगाए जाएंगे।
पाली मंदिर में भी भक्तों की लगेगी कतार
पाली में प्राचीन शिव मंदिर स्थापित है। यहां प्रत्येक सावन मास में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ती है। भक्त बोल बम के जयकारे के साथ मंदिर पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इसके लिए पर्याप्त प्रबंध किये गए हैं।