Student Suicide Case: घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में उसने अपनी देह मेडिकल कॉलेज को दान करने की इच्छा जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Student Suicide Case: कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित रामपुर आईटीआई बस्ती में एक 17 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उज्जवल डनसेना के रूप में हुई है, जो एसईसीएल डीएवी पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा का कॉमर्स छात्र और क्लास मॉनिटर था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सेंट जेवियर स्कूल में आयोजित फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा में उज्जवल शामिल नहीं हुआ। उसके अनुपस्थित रहने पर स्कूल के कुछ शिक्षक उसके घर पहुंचे। घर का दरवाजा भीतर से बंद था और अंदर टीवी पर तेज आवाज में गाने चल रहे थे। खिड़की से झांकने पर उज्जवल का शव पंखे से लटका दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
Student Suicide Case: मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू की। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक घटनास्थल से अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें उज्जवल ने अपनी मृत्यु के बाद शरीर को मेडिकल कॉलेज को दान करने की इच्छा जताई है।
बताया जा रहा है कि उज्जवल के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी बहन डिंपी डनसेना और जीजा इंद्र के साथ रह रहा था। उसकी बहन स्थानीय स्कूल में शिक्षिका हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।