अफसरों को हटाकर उनकी तैनाती दूसरे जिलों में
कोरबा . जिले में तीन साल या इससे अधिक सर्विस कर चुके अफसरों को हटाकर उनकी तैनाती दूसरे जिलों में होगी। वे अफसर भी हटाए जाएंगे, जिन्होंने पिछला चुनाव कोरबा जिले में रहकर कराया था।
चुनाव को साफ और निष्पक्ष कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारी शुरू की है। इसके लिए सर्कुलर जारी किया है। इसमें कहा गया है कि एक ही जिले में तीन साल की सर्विस पूरी करने वाले अफसरों को दूसरे जिले में भेजा जाए। यह आदेश पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर लागू होगा।
इससे प्रभावित पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टर, डीएसपी और एएसपी रैंक या इससे उपर के अफसर होंगे। आयोग के सर्कुलर से कोरबा पुलिस विभाग के अधीन कार्यरत आधा दर्जन से अधिक अधिकारी प्रभावित हो सकते हैं। इसमें सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर के अलावा दो डीएसपी भी हैं, जो तीन साल या इससे अधिक की सर्विस कोरबा जिले में कर चुके हैं। एएसपी भी पिछला विधानसभा चुनाव कोरबा सीएसपी के पद पर रहते हुए करा चुके हैं। आयोग के सर्कुलर के दायके में पुलिस के अलावा प्रशासनिक अफसर भी आ रहे हैं।
मनचाही पोस्टिंग के जुगाड़
विधानसभा चुनाव को लेकर आयोग का सर्कुलर जारी होते ही तीन साल से जमे अफसर सतर्क हो गए हैं। मनचाही पोस्टिंग के लिए जुगाड़ लगाने में लगे हैं। पिछले चुनाव में भी अफसरों ने जुगाड़ लगाकर दूसरे जिलों में पोस्टिंग कराई थी। चुनाव के बाद जिले में लौट आए थे। इसमें शिक्षा और जिला पंचायत विभाग के अफसर भी शामिल थे। सर्कुलर का असर नगरीय निकायों में भी पडऩे वाला है। आगामी चुनाव को देखते हुए कुछ अफसर पहले से मनचाही जगह पर पोस्टिंग करा ली है।