कोरबा

रेतघाट के पास ट्रैक्टर पलटा, सवार नाबालिग की दबकर मौत

ट्रैक्टर के साथ 16 साल का एक किशोर भी गेरवाघाट गया था। रेत लोड करने के बाद चालक गाड़ी लेकर बाहर निकल रहा था।

2 min read
Apr 07, 2018
रेतघाट के पास ट्रैक्टर पलटा, सवार नाबालिग की दबकर मौत

कोरबा . गेरवाघाट रेत घाट पर ट्रैक्टर पलट गया। 16 साल का किशोर ट्रैक्टर से दब गया। गाड़ी उठाकर किशोर को बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो गई थी। घटना शनिवार सुबह लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। ट्रैक्टर के साथ 16 साल का एक किशोर भी गेरवाघाट गया था। रेत लोड करने के बाद चालक गाड़ी लेकर बाहर निकल रहा था। इस बीच ट्रैक्टर का पहिया धंस गया। गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई। इसकी चपेट में आकर 16 साल का किशोर विक्की पिता रामभरोस जाटवर दब गया।

Read More : Video Gallery : कर्मचारी एम्बुलेंस छोड़कर चले गए रायपुर , इधर अप्रशिक्षित ड्राइवरों को थमा दी स्टीयरिंग
दुर्घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना सीएसईबी चौकी को दी गई। लेकिन दुर्घटना स्थल दर्री थाना क्षेत्र में स्थित होने के कारण दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर को उठा कर इसके नीचे किशोर की दबी लाश निकाली गयी। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। बताया जाता है कि किशोर दर्री थाना क्षेत्र के प्रगतिनगर का निवासी था। ट्रैक्टर ड्राइवर से विक्की का परिचय था। वह शनिवार को ट्रैक्टर में बैठकर रेत घाट आ गया था। ट्रैक्टर पर बैठकर वापस घर लौट रहा था। रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया। गाड़ी प्रीतम नाम के किसी व्यक्ति की बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

वहीं दूसरी ओर बुधवारी बाजार- मुड़ापार बायपास मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को कुचल दिया। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। दुर्घटना शारदा विहार पेट्रोल पंप के करीब बायपास रोड में हुई। दो युवक ट्रांसपोर्ट नगर से शारदा विहार की ओर जा रहे थे।

बायपास मार्ग पर मानिकपुर चौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को पीछे से ठोकर मार दिया। इसमें दो युवक सड़क पर गिरे। एक युवक का पैर ट्रेलर के पहिये से दब गया। ट्रेलर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना मानिकपुर चौकी को दी। ट्रेलर को धक्का देकर पीछे किया गया। घायल को बाहर निकाला गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायल की पहचान संजय नगर निवासी सुबिरन सिंह से की गई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। दुर्घटना के समय सुबिरन के साथ उसका एक अन्य साथी चक्रधर डहरे भी था। वह घटना में बाल बाल बचा। चक्रधर रायगढ़ का निवासी है। निगम के अधीन नियोजित अपने भाई से मिलने आया था। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर केस दर्ज किया है। चालक की तलाश जारी है।

Published on:
07 Apr 2018 09:17 pm