कोरबा

त्रिपक्षीय वार्ता विफल : एटीएम और पासबुक मिलने तक बंद रखेंगे काम

हड़ताल दूसरे दिन भी जारी
2 min read
Oct 13, 2018
हड़ताल दूसरे दिन भी जारी
हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

कोरबा. न्यूनतम मजदूरी और बंधक रखे गए एटीएम कार्ड और पासबुक की मांग को लेकर मानिकपुर खदान में ठेका मजदूरों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। इससे मिट्टी उत्खनन और कोयला उत्पादन ठप हो गया है। हड़ताल खत्म कराने के लिए पुलिस की मध्यस्थता में एसईसीएल प्रबंधन और ठेका मजदूरों के प्रतिनिधि मंडल की बैठक बेनतीजा रही।


ड्राइवरों की हड़ताल को खत्म कराने के लिए शुक्रवार को मानिकपुर कोयला खदान के सब एरिया मैनेजर कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें कोरबा एरिया में महाप्रबंधक जय प्रकाश द्विवेदी, मानिकपुर के उप महाप्रबंधक इंन्द्रजीत सिंह, ठेका कंपनी शिवम कोल के अफसर और मजदूर शामिल हुए। मानिकपुर चौकी प्रभारी राजेश चन्द्रवंशी भी उपस्थित थे। बैठक में श्रमिकों ने न्यूनतम वेतन का मामला उठाया। ठेका कंपनी पर शोषण का आरोप लगाया।

साप्ताहिक अवकाश नहीं देने का आरोप लगाया। मजदूरों का कहना था कि साप्ताहिक अवकाश के दिन भी ठेका कंपनी खदान में काम लेती है। जबकि हाजिरी लगाने नहीं दिया जाता। मजदूरों को पीएफ कटौती की जानकारी नहीं दी जाती। मजदूरी की कुछ राशि बैंक खाते में डाल दी जाती है।

कुछ राशि का भुगतान मजदूरों की हाथ में किया जाता है। ठेका मजदूरों की समस्या सुनने के बाद जीएम जयप्रकाश ने निराकरण का आश्वासन दिया। साप्ताहिक अवकाश की स्थिति में कंपनी की ओर से प्रतिमाह अधिकतम 12 हजार 500 रुपए देने की बात कही गई। इसके बाद बैठक खत्म हो गया।


मजदूरों ने ठेका कंपनी पर एटीएम और पासबुक को बंधक रखने का आरोप लगाया है। मजदूरों ने पुलिस से एटीएम पासबुक लौटाने के लिए ठेका कंपनी पर कार्रवाई की मांग की है। इसके लिए लिखित शिकायत मानिकपुर चौकी में दर्ज कराई। ठेका कंपनी ने एटीएम और पासबुक लौटाने का आश्वासन दिया, इसके बाद कोयले का परिवहन करने वाले ड्राइवरों ने काम पर लौटने की बात कही लेकिन मिट्टी उत्खनन करने वाले ड्राइवरों की हड़ताल जारी है। ड्राइवर साढ़े 12 हजार रुपए वेतन को नाकाफी बता रहे हैं। उनका कहना है कि इससे भला नहीं होगा।


-लगभग 15 ठेका श्रमिकों ने ठेका कंपनी में एसटीएम और पासबुक बंधक बनाकर रखने की शिकायत की है। इसकी जांच की जा रही है।
-राजेश चंद्रवंशी, चौकी प्रभारी मानिकपुर

Published on:
13 Oct 2018 02:03 pm