कोरबा

Reel बनाने के चक्कर में गई युवक की जान, नदी में छलांग लगाने के बाद डूबा, 48 घंटे चला सर्च ऑपरेशन

Korba News: कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र में रील बनाने के दौरान एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। 25 वर्षीय निखिल सिंह दोस्तों के साथ अहिरन नदी में नहाने गया था, जहां वीडियो शूट करते समय उसने छलांग लगाई और गहरे पानी में डूब गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

2 min read
May 14, 2026
Korba News(photo-patrika)

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था और इसी दौरान रील बनाने के लिए उसने नदी में छलांग लगा दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र स्थित अहिरन नदी का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय निखिल सिंह के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल को लेकर मचा हड़कंप! 300 से ज्यादा पंप सूखे, रातभर लाइनों में खड़े रहे लोग

Korba News: मोबाइल में रिकॉर्ड हो रहा था वीडियो

जानकारी के मुताबिक, निखिल अपने तीन दोस्तों के साथ अहिरन नदी पहुंचा था। वहां सभी नहा रहे थे और मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान निखिल ने नदी में छलांग लगाई, जिसे उसके दोस्त कैमरे में रिकॉर्ड कर रहे थे। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि छलांग लगाने के बाद युवक पानी में हाथ-पैर मारता नजर आता है। उसके दोस्त शुरुआत में यह समझते रहे कि वह सामान्य रूप से तैर रहा है। लेकिन कुछ ही देर में निखिल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

मदद के बजाय बनता रहा वीडियो

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक करीब तीन मिनट तक पानी में संघर्ष करता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद दोस्त उसे बचाने के लिए पानी में नहीं उतरे। जब तक उन्हें स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग रील बनाने के बढ़ते क्रेज और लापरवाही को हादसे की वजह बता रहे हैं।

48 घंटे चला सर्च ऑपरेशन

हादसे के बाद दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। लगातार दो दिनों तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गोताखोरों ने गहरे पानी में युवक को खोजने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार देर शाम करीब 48 घंटे बाद रेस्क्यू अभियान बंद करने की तैयारी की जा रही थी, तभी अचानक युवक का शव नदी के पानी के ऊपर आ गया। इसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सोशल मीडिया रील का बढ़ता जुनून बना खतरा

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया रील और वीडियो बनाने के बढ़ते जुनून पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कुछ समय में रील बनाने के दौरान हादसों के कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद युवा जोखिम उठाने से पीछे नहीं हट रहे। विशेषज्ञों का कहना है कि खतरनाक जगहों पर वीडियो बनाने और स्टंट करने से बचना चाहिए। कुछ सेकंड की सोशल मीडिया लोकप्रियता कई बार जानलेवा साबित हो सकती है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

पुलिस ने घटना के बाद लोगों से अपील की है कि नदी, पहाड़ या अन्य खतरनाक स्थानों पर रील बनाने के दौरान सावधानी बरतें। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह का जोखिम उठाना जानलेवा साबित हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।

Published on:
14 May 2026 01:02 pm
Also Read
View All