
पोड़ी बचरा. कोरिया जिले में भाजपा की विधानसभा स्तरीय जनसपर्क यात्रा पोडी बचरा पहुंची। इस दौरान श्रममंत्री भईयालाल राजवाड़े ने पोड़ी साप्ताहिक बाजार में घूम-घूमकर व्यापारी व ग्रामीणों का हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने बाजार में चना बेचने वाली महिला से चना खरीदा। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि भाजपा की सरकार अभी नाबालिग है, बालिग होने दीजिए फिर और बेहतर विकास होगा।
श्रममंत्री राजवाड़े ने ग्राम पोड़ी स्थित अटल चौक पर चौपाल लगाकर राज्य सरकार की विकास कार्य व योजनाओं की जानकारी दी। वहीं लोगों की समस्याए सुनीं और छोटी-बडी समस्याओं से ग्रामीणों ने अवगत कराया। इसमें पानी, बिजली, राशन कार्ड की समस्या से परेशान होने की बात कही गई।
ग्राम पंचायत चिरमी के ग्रामीणों ने हैण्डपंप से पानी नहीं निकलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर श्रममंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तीन दिन के अंदर हैण्डपंप को सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिनका किसी कारणवश राशन कार्ड कट गया है, उन्हें अपने पंचायत के सचिव के पास आधार कार्ड लेकर जाना होगा और सचिव से नाम जुड़वाएं।
भाजपा सरकार नाबालिग है, बालिग होने दीजिए
श्रममंत्री राजवाड़े ने कहा कि 2003 के पहले खडग़वां ब्लाक में एक भी पक्की सड़कें नहीं थी, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी व डॉ रमन सिंह ने आज हर गांव, मोहल्ले-गली में पक्की सड़क की सौगात दी है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार अभी शिशु अवस्था में है। बालिग तो होने दीजिए, फिर देखिएगा विकास और तेजी से होगी। हमारी सरकार ६० साल के गढ्डों को पाटने में लगी है।
2018 तक हर घर में पहुंचेगी बिजली
श्रममंत्री राजवाड़े ने सौभाग्य योजना की जानकारी देते हुए कहा कि डॉ. रमन सिंह ने 2018 के आखरी तक हर घर में बिजली पहुंचाने का संकल्प लिया है, जिसे हम हर हाल में पूरा करेंगे। वहीं गरीबी रेखा वाले को मुफ्त मे बिजली दी जाएगी।
विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, परित्यागता पेंशन के लिए गरीबी रेखा में होना अनिवार्य नहीं है और न ही 2002 की सर्वे सूची की जरुरत है। अपना आधार कार्ड लेकर सचिव के पास जाएं वो आपका नाम जोड़ देगा।