कोरीया

CG Patwari News: नोटिस का जवाब नहीं देने पर पटवारी निलंबित, खड़गवां तहसील में कार्रवाई

Patwari Suspension News: एमसीबी जिले की खड़गवां तहसील में पटवारी चन्द्र विजय साहू को कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं देने पर निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 2:13 PM IST
CG News
15 अक्टूबर को जारी किया गया था कारण बताओ नोटिस(photo-patrika)

CG Patwari News: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में प्रशासन ने पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की है। तहसील खड़गवां में पदस्थ पटवारी चन्द्र विजय साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर प्रशासनिक, विभागीय और राजस्व संबंधी कार्यों में लापरवाही और अनियमितता बरतने का आरोप है। इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी होने के बाद भी निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर यह कार्रवाई की गई है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

Patwari Suspended: राजस्व और प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही का मामला

जारी निलंबन आदेश के अनुसार, चन्द्र विजय साहू तहसील खड़गवां के पटवारी हल्का नंबर 11 और 07 में पदस्थ थे। उनकी पदस्थापना अवधि के दौरान विभिन्न प्रशासनिक, विभागीय और राजस्व संबंधी कार्यों के निष्पादन में लापरवाही और अनियमितताएं सामने आई थीं। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले में उनसे जवाब मांगा था।

15 अक्टूबर को जारी किया गया था कारण बताओ नोटिस

मामले को लेकर कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), खड़गवां-चिरमिरी की ओर से पत्र क्रमांक 548 के माध्यम से 15 अक्टूबर 2026 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। पटवारी को अपना पक्ष रखने और जवाब प्रस्तुत करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था।

तय समय में नहीं दिया संतोषजनक जवाब

आदेश में उल्लेख किया गया है कि निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी पटवारी की ओर से कारण बताओ नोटिस के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसे शासकीय सेवा नियमों के विपरीत आचरण मानते हुए प्रशासन ने निलंबन की कार्रवाई की है।

छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम के तहत कार्रवाई

पटवारी चन्द्र विजय साहू को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।

निलंबन अवधि में खड़गवां तहसील रहेगा मुख्यालय

निलंबन अवधि के दौरान चन्द्र विजय साहू का मुख्यालय तहसील खड़गवां की कानूनगो शाखा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Updated on:
11 Nov 2026, 2:13 PM IST
Published on: