कोरीया

निर्माण एजेंसी आधारशिला रखवा साढ़े तीन माह से भूली, पुल बनाने नींव तक नहीं खोदी

Koria News: सोनहत ब्लॉक मुख्यालय से छह गांव को जोड़ने हसदेव नदी में पुल निर्माण भूमिपूजन कराने के बाद भूल गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 14 Oct 2023, 3:28 PM IST
Construction agency forgot to lay foundation stone for 3 or half month
निर्माण एजेंसी आधारशिला रखवा साढ़े तीन माह से भूली, पुल बनाने नींव तक नहीं खोदी

बैकुंठपुर। Chhattisgarh News: सोनहत ब्लॉक मुख्यालय से छह गांव को जोड़ने हसदेव नदी में पुल निर्माण भूमिपूजन कराने के बाद भूल गए हैं। करीब तीन करोड़ की लागत से पुल निर्माण की आधारशिला रखने के बाद साढ़े तीन महीने से नींव तक नहीं खोद पाए हैं।

जानकारी के अनुसार लोक निर्माण सेतु उप संभाग मनेंद्रगढ़ की अगुवाई में 26 जून को भूमिपूजन कराया गया है। लेकिन साढ़े तीन महीने बीतने के बाद निर्माण शुरू नहीं कराया गया है। ग्राम छेंगुरा में हसदेव नदी में पुल बनाने 2 करोड़ 99 लाख 91 हजार की स्वीकृति मिली है। ब्लॉक मुख्यालय सोनहत के छेंगुरा से गुजरी हसदेव नदी में निर्मित रपटा पुलिया 7 साल पहले बह गई थी। फिर पुलिया बनाने को लेकर किसी ने ध्यान नहीं दिया। जिससे करीब छह गांव पहुंचविहीन हो गए हैं। हालांकि राज्य सरकार ने पुल के लिए राशि की स्वीकृति दी है। जिससे उच्च स्तरीय पुल बनना है। पुल बनने से कोरिया के ग्राम पंचायत कछाड़ी, उसके आश्रित ग्राम मझगवां, लोलकी, भगवतपुर, छेंगुरा, जोगिया मुख्यधारा से जुड़ पाएगा। वर्तमान में नदी में पुल नहीं होने की वजह से चार पहिया वाहन ग्राम पंचायत बेलिया के कच्चे रास्ते से होकर लंबी दूरी तय कर ब्लॉक मुख्यालय पहुंच पाते हैं, इससे काफी परेशानी होती है।

सूरजपुर जिले के तीन गांव भी मुख्यधारा से जुड़ पाएंगे

जानकारी के अनुसार पुलिया बहने से पिछले सात साल से सूरजपुर जिले के तीन गांव सोनहत तक नहीं पहुंचते हैं। पुल बनने से सूरजपुर ओड़गी ब्लॉक के ग्राम पंचायत छतरंग, पालकेवरा, घुइडीह के ग्रामीण सीधे सोनहत ब्लॉक मुख्यालय तक आसानी से पहुंच पाएंगे।

पोलिंग पार्टियां नदी पार कर मतदान कराने जाएंगी

जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनाव-2023 में मतदान कराने पोलिंग पार्टियां भी इसी टूटी रपटा पुलिया से होकर आगे तक जाएगी। वर्तमान में नदी को पार कर सिर्फ बाइक सवार ही पहुंच पाते हैं। चार पहिया वाहनों को पार कराने पर नदी में फंसने का डर रहता है। ग्रामीण कई बार इमरजेंसी में चारपहिया वाहनों को टूटी पुलिया के किनारे नदी में उतारकर सोनहत जाते हैं। इस दौरान गाड़ी फंसने पर ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों के माध्यम से खींचवा कर बाहर निकलवाते हैं।

सोनहत ब्लॉक के ग्राम छेंगुरा में पुल का निर्माण कराना है। फिलहाल निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। बाकी साइट इंजीनियर ही बेहतर बता पाएंगे। - एसएस कंवर, सब इंजीनियर सेतु उप संभाग मनेंद्रगढ़

Published on: