
बैकुंठपुर/बरबसपुर। एमसीबी में ग्राम लाई स्थित अमृतधारा जल प्रपात, भरतपुर ब्लॉक में रमदहा जलप्रपात (Ramdaha waterfall) और कोरिया जिला स्थित गौरघाट जलप्रपात पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। ठंड का मौसम शुरू होने के साथ ही लोग अलग-अलग टोली में पिकनिक मनाने यहां पहुंच रहे हैं। इस दौरान टूटी रेलिंग के पास अमृतधारा जलप्रपात और रमदहा जलप्रपात के गिरते झरने को पयर्टक अपने मोबाइल में कैद कर रहे हैं। ऐसे में कभी भी वे हादसे का शिकार हो सकते हैं। इन जलप्रपात में पहले भी हादसे हो चुके हैं, जिस वजह से प्रशासन की ओर से सुरक्षा घेरे लगाए गए थे, लेकिन वे अब नदारद हैं।
भरतपुर विकासखंड का प्रसिद्ध रमदहा जलप्रपात चारों ओर हरियाली, पहाड़ों के बीच से गुजरती बनास नदी और करीब 100 फीट की ऊंचाई से गिरते झरने (Waterfall) का नजारा अपनी ओर खींच रहा है। जनकपुर ब्लॉक मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर बहरासी वन परिक्षेत्र के करवा बीट क्षेत्र में ग्राम पंचायत धोवाताल के बरेल जंगल में बनास नदी का उद्गम स्थल माना जाता है।
जहां से लगभग 15 किलोमीटर दूर बनास नदी रमदहा जलप्रपात के रूप में करीब 100 फीट नीचे गिर रहा है। लगभग 60 मीटर चौड़ी जलधारा चट्टानों से टकरा पानी नीचे आ रहा है। रमदहा जलप्रपात में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से प्रतिदिन पर्यटक पहुंच रहे हैं, जो जलप्रपात के दृश्यों को अपने मोबाइल और कैमरों में कैद (Tourists selfie) करते नजर आते हैं।
हालांकि रमदहा जलप्रपात संवेदनशील और दुर्घटनाजन्य क्षेत्र भी है। इससे पानी के करीब जाना या सुरक्षा मानकों की अनदेखी से दुर्घटनाएं हो सकती है। पर्यटकों का कहना है कि रमदहा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम, लाइफ गार्ड, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपातकालीन सहायता जैसी सुविधाएं जरूरी हैं।
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अमृतधारा जलप्रपात क्षेत्र के संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी एवं सुरक्षा सूचना बोर्ड स्थापित किए गए थे। हालांकि अब चेतावनी बोर्ड नजर नहीं आ रहे हैं। इससे पर्यटक सुरक्षा की अनदेखी कर टूटी रेलिंग को पार कर झरने के नजदीक सेल्फी ले रहे हैं। ऐसे में कभी भी वे हादसे का शिकार हो सकते हैं। अमृतधारा जल प्रपात की ऊंचाई करीब ९० फीट और चौड़ाई १०-१५ फीट है।