कोरीया

नई बिल्डिंग में इलाज और पुराने में छोड़ दिया एक्स-रे मशीन, मरीजों को ऐसे ढोना पड़ता है 100 मीटर

स्ट्रेचर व वार्ड ब्वाय तक उपलब्ध नहीं करा रहा अस्पताल प्रबंधन, मरीज व उनके परिजनों को हो रही काफी परेशानी

2 min read
Patient in lap
taken for x-ray

स्ट्रेचर व वार्ड ब्वाय तक उपलब्ध नहीं करा रहा अस्पताल प्रबंधन, मरीज व उनके परिजनों को हो रही काफी परेशानी

जनकपुर. आदिवासी विकासखण्ड जनकपुर के 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य में अव्यवस्था के कारण भर्ती मरीजों का एक्स-रे कराने से पहले गोद में उठाकर 100 मीटर तक सफर करने की मजबूरी है। इस दौरान मरीज व उसके परिजन को स्वयं व्यवस्था करनी पड़ती है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा न तो मेडिकल स्ट्रेचर और न वार्ड ब्वाय उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में पहले से परेशान मरीज और परेशान हो जाता है।


आठ साल पहले कोरिया जिले के जनकपुर में 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की नई बिल्डिंग का निर्माण गया था। इस दौरान वार्ड सहित अन्य उपकरण नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर दी गई, लेकिन एक्स-रे मशीन को पुरानी बिल्डिंग में छोड़ दिया गया है। अस्पताल की नई बिल्डिंग और एक्स-रे मशीन कक्ष की दूरी करीब 100 मीटर है।

इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों को एक्स-रे कक्ष तक पहुंचाने से पहले 100 मीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। मरीज-परिजनों को स्वयं व्यवस्था कर एक्स-रे कक्ष तक पहुंचना है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा मेडिकल स्ट्रेचर व वार्ड ब्वाय की सुविधा मुहैय्या नहीं कराई जाती है। ऐसे में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


दुर्घटना की बनी हुई है आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल की नई बिल्डिंग व एक्स-रे कक्ष के बीच सड़क है। मरीजों को गोद में उठाकर सड़क पार करते समय हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बावजूद अस्पताल एक्स-रे मशीन को नई बिल्डिंग में शिफ्ट करने कोई पहल नहीं कर रहा है।


200 ग्राम की आबादी अस्पताल के भरोसे
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करीब 200 ग्राम के ग्रामीण उपचार कराने आते हैं लेकिन अस्पताल प्रबंधन की उदासीनता के कारण मरीज शहडोल व मनेंद्रगढ़ जाने मजबूर होते हैं। वहीं एक्स-रे मशीन पुरानी व जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। इससे आए दिन एक्स-रे फिल्म स्पष्ट नहीं आने की शिकायत मिलती है।

Published on:
09 Jun 2018 02:26 pm