
Koria news, आरपीएफ ने पकड़ा रेलवे स्क्रैप से भरा ट्रक (Photo- Patrika)
मनेंद्रगढ़। रेल संपत्ति की चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (Railway police) ने बड़ी कार्रवाई कर मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र से स्क्रैप से लदा एक ट्रक पकड़ा। ट्रक की तलाशी और कबाड़ को अनलोड कर जांच करने पर 90 आर रेल लाइन, आयरन ब्रेक ब्लॉक सहित अन्य रेलवे सामग्री बरामद हुई। बरामद रेलवे संपत्ति का कुल वजन करीब 450 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 17 हजार 100 रुपए आंकी गई है। वहीं ट्रक में लदे अन्य स्क्रैप की कीमत करीब 6.50 लाख से अधिक है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कार्रवाई की भनक लगते ही कबाड़ी फरार हो गया, उसकी तलाश की जा रही है।
आरपीएफ निरीक्षक सुनीता मिंज एवं मंडल टास्क टीम-2 ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई कर ट्रक क्रमांक सीजी 07 बीएल 2601 को मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र से पकड़ा। आरपीएफ पोस्ट में भरे स्क्रैप (Railway scrap) को अनलोड कराया गया। जांच के दौरान अन्य कबाड़ के बीच रेलवे से संबंधित सामग्री मिली। ट्रक में लदे कबाड़ का कुल वजन करीब 21.400 टन पाया गया। पुलिस ने रेलवे संपत्ति की पहचान और वजन कराने के बाद जब्त कर लिया गया।
मामले में वाहन चालक से पूछताछ करने पर अपना नाम सीताराम द्विवेदी पिता सुरेश प्रसाद द्विवेदी (43) निवासी वार्ड क्रमांक 6 जोरा थाना ब्यौहारी शहडोल मध्यप्रदेश बताया। उसने आरपीएफ को बताया कि ट्रक में लदा कबाड़ चौहान ट्रेडर्स के संचालक रियाजुद्दीन उर्फ चुनमुन का है। मामले में आरपीएफ की टीम ने कबाड़ के कथित संचालक की तलाश शुरू की, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गया।
रेलवे संपत्ति बरामद होने के बाद आरपीएफ पोस्ट मनेन्द्रगढ़ (RPF Manendragarh) में धारा 3(ए) रेलवे प्रॉपर्टी (अनलॉफुल पजेशन) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार ट्रक चालक को मंगलवार को विशेष रेलवे न्यायालय बिलासपुर में पेश किया गया। आरपीएफ ने रेलवे संपत्ति के साथ ट्रक में लदे अन्य स्क्रैप को भी जब्ती कार्रवाई में शामिल किया है। जब्त ट्रक को आरपीएफ पोस्ट मनेन्द्रगढ़ में रखा गया है। बरामद रेलवे सामग्री में रेल लाइन एवं आयरन ब्रेक ब्लॉक जैसी सामग्री शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
फरार कबाड़ संचालक रियाजुद्दीन उर्फ चुनमुन के संबंध में पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल स्तर पर पहले दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। बताया गया है कि उसके विरुद्ध पहले लोहा चोरी एवं रेलवे संपत्ति (Railway assets) से संबंधित चोरी के कई मामले दर्ज रहे हैं। हालांकि, पुराने मामलों और वर्तमान प्रकरण में उसकी भूमिका का अंतिम निर्धारण जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगा। फिलहाल फरार कबाड़ संचालक की तलाश जारी है।
Updated on:
22 Sept 2026 06:52 pm
Published on:
22 Sept 2026 06:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
