कोटा

Kota ACB Action: पहली पोस्टिंग में ही रिश्वत लेता JVVNL का JEN गिरफ्तार, FRT कर्मचारी के साथ मिलकर ले रहा था 1000 रुपए

Rajasthan News: कोटा एसीबी ने जेवीवीएनएल सुल्तानपुर के जेईएन पंकज वर्मा और एफआरटी कर्मचारी दानमल को 1,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिजली कनेक्शन की वीसीआर नहीं भरने के बदले रिश्वत मांग रहे थे।
2 min read
Jul 23, 2026
Kota ACB Action
आरोपी जेइएन पंकज वर्मा और आरोपी दानमल का फोटो: पत्रिका

ACB Arrested JVVNL JEN Taking Bribe: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कोटा देहात ने बुधवार को ट्रैप की कार्रवाई करते हुए जेवीवीएनएल सुल्तानपुर के कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) पंकज वर्मा और फॉल्ट रिमूवल टीम (एफआरटी) के कर्मचारी दानमल को 1,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी परिवादी के पिता के नाम दर्ज बिजली कनेक्शन की वीसीआर (विजिलेंस चेक रिपोर्ट) नहीं भरने के बदले रिश्वत मांग रहे थे।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि 20 जुलाई को परिवादी ने दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि उसके पिता के नाम पर लगे बिजली कनेक्शन के संबंध में जेईएन पंकज वर्मा घर के फोटो लेकर गए थे। इसके बाद एफआरटी कर्मचारी दानमल के माध्यम से वीसीआर नहीं भरने की एवज में 7 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। मामले की शिकायत पर एसीबी के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह कानावत के नेतृत्व में शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया।

सत्यापन के दौरान परिवादी द्वारा राशि कम करने का आग्रह करने पर दोनों आरोपियों ने रिश्वत की रकम घटाकर 2 हजार कर दी और पहली किस्त के रूप में 1,000 रुपए ले लिए। एसीबी ने बुधवार शाम 7 बजे ट्रैप कार्रवाई के दौरान एफआरटी कर्मचारी दानमल को परिवादी से रिश्वत के शेष 1,000 रुपए लेते ही रंगे हाथ दबोच लिया। उसके पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। जांच में यूपी के जेईएन पंकज वर्मा की मिलीभगत सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान एडिशनल एसपी कानावत के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक शरीफ अहमद एवं उनकी टीम ने अंजाम दिया। एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है और आरोपी अधिकारियों की भूमिका को लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

प्रोबेशन पीरियड में ही लेने लगा रिश्वत

जेईएन पंकज वर्मा मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले का निवासी है। करीब एक वर्ष पहले ही वह नौकरी पर लगा और पहली पोस्टिंग उसे कोटा के सुल्तानपुर में मिली। यहां वह किराए का कमरा लेकर रहता है और अभी अविवाहित है जबकि दानमल कॉन्टेक्ट बेस का कर्मचारी है।

Updated on:
23 Jul 2026 08:51 am
Published on:
23 Jul 2026 08:51 am