
Railway Decision : फाइल फोटो पत्रिका
Railway Decision : रेल प्रशासन ने यात्रियों को अधिक सुरक्षा, आराम और आधुनिक यात्रा सुविधा देने के लिए अब कोटा रेल मंडल से गुजरने वाली दो प्रमुख ट्रेनों 01910/01909 आगरा कैंट-असरवा-आगरा कैंट और 01907/01908 आगरा कैंट-उधना-आगरा कैंट, का संचालन अब आधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोचों के साथ किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने जानकारी दी कि इन ट्रेनों में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। एलएचबी कोच अपनी बेहतर सुरक्षा, उच्च गति क्षमता और कम झटकों के लिए जाने जाते हैं, जिससे यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। ट्रेन में 5 सामान्य श्रेणी, 9 शयनयान, 5 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 1 एसएलआरडी और 1 जनरेटर कार शामिल होगी।
यह संशोधित कोच संरचना गाड़ी संख्या 01910 आगरा कैंट-असरवा में 27 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक और 01909 असरवा-आगरा कैंट में 28 जुलाई 2026 से 1 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। वहीं, 01907 आगरा कैंट-उधना में यह बदलाव 28 जुलाई 2026 से 25 अगस्त 2026 तक और 01908 उधना-आगरा कैंट में 29 जुलाई 2026 से 26 अगस्त 2026 तक लागू होगा।
यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेल प्रशासन ने हिसार-खड़की के मध्य संचालित विशेष ट्रेन को अब नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय किया है। यह ट्रेन 26 जुलाई से नियमित संचालित होगी। सीनियर डीसीएम ने बताया कि वर्तमान में विशेष गाड़ी संख्या 04725/04726 हिसार-खड़की स्पेशल को नियमित गाड़ी संख्या 22979/22980 हिसार-खड़की सुपरफास्ट एक्सप्रेस में बदला गया है। इस वजह से अब इस रुट पर चलने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
गाड़ी संख्या 22979 का संचालन 26 जुलाई से हिसार से प्रत्येक रविवार तथा गाड़ी संख्या 22980 का संचालन 27 जुलाई 2026 से खड़की से प्रत्येक सोमवार को होगा। यह सुपरफास्ट एक्सप्रेस कोटा मंडल के सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी एवं भवानी मंडी सहित सादुलपुर, लोहारू, जयपुर, रतलाम, वडोदरा, सूरत जैसे महत्त्वपूर्ण स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी, जिससे यात्रियों को लाभ मिलेगा।
नए परिवर्तन से यात्री अब पहले से अधिक विश्वसनीय समय-सारणी के अनुसार यात्रा कर सकेंगे। टिकट बुकिंग आसानी से उपलब्ध होगी तथा सीट की पुष्टि भी बेहतर होगी। इससे खासकर छात्रों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी।
Updated on:
21 Jul 2026 10:44 pm
Published on:
21 Jul 2026 10:42 pm
