कोटा

कोटा में लीक हुई अमोनिया गैस, चपेट में आए दर्जन भर छात्रों की हालत गंभीर

कोटा की कबाड़ फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक होने से फैक्ट्री के दूसरे हिस्से में चल रहे हॉस्टल के दर्जन भर छात्र उसकी चपेट में आ गए।
2 min read
• •
Updated: 26 Aug 2017, 3:59 PM IST
Ammonia Gas, Gas Leakage in Kota, Kota Junk Factory, Indraprastha Industrial Area Kota, Kota Industrial Area, Swastik Hostel Kota, Kota Coaching, Kota Hostel, Crime In kota, Rajasthan patrika, Kota patrika, Kota News, Patrika News
कोटा में लीक हुई अमोनिया गैस, चपेट में आए दर्जन भर छात्र, हालत गंभीर

कोटा के इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रीयल एरिया में शनिवार दोपहर को एक कबाड़ फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक हो गई। गैस का रिसाव इतना तेज था कि आसपास के पौधे तक बुरी तरह झुलस गए। जिसके बाद पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। अचानक हुए गैस रिसाव ने फैक्ट्री के दूसरे हिस्से में संचालित हो रहे हॉस्टल के छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। छात्रों की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

सिलेंडर लीक होते ही मची भगदड़

कोटा के इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रीयल एरिया में रोड नंबर 4 पर आकाश इंडस्ट्रीज के नाम से चल रही कबाड़े की फैक्ट्री में पुराना माल खरीदकर उसके हिस्से काटकर कीमती धातुएं निकालने का काम होता है। रोज की तरह शनिवार को भी फैक्ट्री में कबाड़ काटने का काम हो रहा था, तभी अचानक अमोनिया गैस से भरा सिलेंडर लीक करने लगा। सिलेंडर लीक होते ही फैक्ट्री कर्मचारी उसे लेकर बाहर की ओर दोड़े और फैक्ट्री के सामने से गुजर रहे नाले में फेंक दिया। इसके बावजूद भी सिलेंडर से लीकेज बंद नहीं हुआ और आसपास के इलाके में भारी मात्रा में गैस फैल गई।

चपेट में आए हॉस्टल में रह रहे छात्र

हवा के साथ उड़ती हुई गैस इसी फैक्ट्री के दूसरे हिस्से में चल रहे स्वास्तिक हॉस्टल के कमरों में भर गई। कमरों में अचानक अमोनिया गैस भर जाने के कारण वहां रह रहे छात्रों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। आंखों और सीने में जलन होने के बाद हॉस्टल में भगदड़ मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत एएसपी अनंत कुमार पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंच गए। अग्निशमन विभाग की दमकलों ने जैसे-तैसे सिलेंडर से रिसती गैस रोकी। इसके बाद हॉस्टल से छात्रों को निकाल कर तलवंडी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

कई राज्यों के छात्रों की हालत गंभीर

अमोनिया गैस की चपेट में आकर बिहार के गौरव सिंह, मथुरा के शुभम बघेल, शाहजहांपुर के अमित कुमार, मुजफ्फर नगर के पिन्टू राज, हरियाणा के रिषभ, यूपी के विपुल और हर्षित, पाली के सिद्धार्थ, जोनपुर के वरुण, औरंगाबाद के आशुतोष, दिल्ली के रजनीश, मुजफ्फरपुर के उत्सव राज की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा बाकी छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद हॉस्टल वापस भेज दिया गया।

Updated on:
26 Aug 2017, 3:59 PM IST
Published on: