कोटा

Kota Accident: परीक्षा देकर लौट रहे B.Tech स्टूडेंट को ट्रोले ने कुचला, 100 मीटर तक घसीटा, 6 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

Trolley Killed B.Tech Student: कोटा में परीक्षा देकर लौट रहे 35 वर्षीय युवक की ट्रोले की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर के बाद युवक करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया और चालक मौके से फरार हो गया।
less than 1 minute read
Feb 20, 2026
Kota Accident
मृतक की फोटो: पत्रिका

Youth Died In Kota Accident: कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर सड़क हादसे में रेलवे जूनियर इंजीनियर की परीक्षा देकर घर लौट रहे युवक की मौत हो गई। आमने-सामने की टक्कर के बाद युवक और उसकी स्कूटी ट्रोले में फंस गए। चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया, जबकि ट्रोले में बैठे एक व्यक्ति को पुलिस ने डिटेन किया है।

अनंतपुरा सीआइ रमेश कविया ने बताया कि मृतक सुजीत पारेता (35) मूल रूप से असनावर अकलेरा (जिला झालावाड़) का निवासी था और वर्तमान में कोटा के महावीर नगर क्षेत्र में रह रहा था। वह स्कूटी से पत्थर मंडी रोड से गुजर रहा था, तभी सामने से आए ट्रोले ने टक्कर मार दी।

प्रतियोगी परीक्षाओं की कर रहा था तैयारी

गंभीर हालत में उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। पिता शिवलाल पारेता ने बताया कि सुजीत पिछले पांच वर्षों से कोटा में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

6 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

इलेक्ट्रिकल में बीटेक किया था और पढ़ाई के साथ पार्ट टाइम नौकरी भी करता था। गुरुवार सुबह वह रानपुर क्षेत्र स्थित केंद्र पर रेलवे जेई की परीक्षा देने गया था। दोपहर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया, तब पुलिसकर्मी से हादसे की जानकारी मिली। सुजीत विवाहित था और उसके छह साल का बेटा है। पुलिस ने ट्रोला व स्कूटी को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी।

Updated on:
20 Feb 2026 08:35 am
Published on:
20 Feb 2026 08:34 am