कोटा. विज्ञाननगर क्षेत्र में कल्पतरु शॉपिंग मॉल के पीछे शनिवार को स्मार्ट मीटर लगाने गए निजी कंपनी सीईएससी के कर्मचारियों का भाजपाईयों ने विरोध किया।
कोटा . कांग्रेस के साथ अब भाजपा भी स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में उतर आई है। विज्ञाननगर क्षेत्र में कल्पतरु शॉपिंग मॉल के पीछे शनिवार को स्मार्ट मीटर लगाने गए निजी कंपनी सीईएससी के कर्मचारियों का भाजपाईयों ने विरोध किया। उन्होंने मीटर कार्मिकों से एक मीटर छीन लिया और विरोध स्वरूप उसमें आग लगा दी। इसकी अगुवाई विज्ञाननगर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विवेक मित्तल ने की। इस दौरान भाजपा पार्षद पवन अग्रवाल, सुरेश लखारा, बॉबी टेलर, लाला सोनी, प्रणय दुबे और निक्कू सहित कई लोग मौजूद थे।
कोटा दक्षिण के पार्षद भी उतरे विरोध में
सीईएससी के स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर शनिवार को कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पार्षदों ने महावीर नगर तृतीय क्षेत्र में बैठक कर विरोध की रणनीति तैयार की। पार्षदों ने बैठक में कहा कि जिन उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर लगे हंै वे अत्यधिक बिल आने के कारण परेशान है।
पार्षदों ने कहा कि स्मार्ट मीटर नहीं है लूट के मीटर है। इस बैठक में महापौर महेश विजय, गोपालराम मण्डा, विवेक राजवंशी, विनोद नायक, भाजपा महावीर नगर मण्डल अध्यक्ष कीर्तिकांत गौतम, आरकेपुरम के बालचंद शर्मा, दादाबाडी के शैलेन्द्र ऋषि, विज्ञाननगर के विवेक मित्तल व केशवपुरा के उमेश मेवाड़ा मौजूद थे।
बिजली कंपनी
बीआईएस से जांचे-परखे हुए हैं स्मार्ट मीटर
सभी स्मार्ट मीटर बीआईएस से जांचे परखे हुए है। इन मीटरों की रीडिंग बिजली उपयोग के आधार पर ही आती है।
Read More: काॅलोनियों में लगे बीमारियों के ढ़ेर, नगर निगम नहीं ले रहा सुध
सीईएससी सीईओ अमरनाथ सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मानकों 1.6 से रेडिएशन मनुष्य के लिए सुरक्षित है, जबकि स्मार्ट मीटर से केवल 0.18 रेडिएशन ही निकलता है। केन्द्र सरकार ने शहरों में स्मार्ट मीटर लगाने का फैसला लिया है।