कोटा

Boxing World Cup 2025: बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी कोटा की बेटी अरुंधति चौधरी

Boxing World Cup 2025: अरुंधति के कोच अशोक गौतम ने बताया कि वह इस प्रतियोगिता में सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (आर्मी) की ओर से भाग लेंगी। यूथ बॉक्सिंग में विश्व चैम्पियन का खिताब अपने नाम करने वाली अरुंधति अब तक सात बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
less than 1 minute read
Nov 16, 2025
arundhati choudhary boxer
बॉक्सर अरुंधति चौधरी (फोटो-पत्रिका)

कोटा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमा चुकी कोटा की युवा बॉक्सर अरुंधति चौधरी एक बार फिर देश का नाम रोशन करने जा रही हैं। यूथ बॉक्सिंग में विश्व चैम्पियन का खिताब अपने नाम करने वाली अरुंधति अब तक सात बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

15 से 21 नवंबर तक दिल्ली एनसीआर के ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में अरुंधति 70 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अरुंधति का चयन भारतीय बॉक्सिंग की 22 सदस्यीय टीम में हुआ है, जिसमें 10 महिला और 12 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।

अरुंधति के कोच अशोक गौतम ने बताया कि वह इस प्रतियोगिता में सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (आर्मी) की ओर से भाग लेंगी। अपनी लगातार मेहनत, फिटनेस और तकनीकी कौशल के कारण अरुंधति ने हर बड़े टूर्नामेंट में खुद को साबित किया है। इस बार भी उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। टीम की रिपोर्टिंग शुरू हो चुकी है और अरुंधति ने भी रिपोर्ट कर दिया है। इस बार टीम में अधिकांश खिलाड़ी ओलंपियन हैं।

अरुंधति इन खिताबों को कर चुकी हैं अपने नाम

अरुंधति ने 2021 में पोलैंड में आयोजित यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। 2019 में एशियाई चैंपियनशिप में उन्हें कांस्य पदक मिला था। 2018 में थाईलैंड में उन्हें एशिया की बेस्ट बॉक्सिंग अवार्ड से सम्मानित किया गया था। खेलो इंडिया में 2017, 2018 और 2019 में स्वर्ण पदक जीतने के बाद वह सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी दो बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। अरुंधति की यह सफलता न केवल उनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि देश के खेल क्षेत्र में एक नई प्रेरणा का स्रोत भी है।

Updated on:
16 Nov 2025 05:11 pm
Published on:
16 Nov 2025 05:10 pm