प्रदेश में आधिकाधिक किसानों को समर्थन मूल्य पर सरसों एवं चना खरीद का लाभ मिल सके, इसके लिए केन्द्रों पर प्रतिदिन अधिकतम 120 किसानों से तुलाई के लिए एसएमएस की संख्या दोगुनी कर दी गई है।
कोटा. प्रदेश में आधिकाधिक किसानों को समर्थन मूल्य पर सरसों एवं चना खरीद का लाभ मिल सके, इसके लिए केन्द्रों पर प्रतिदिन अधिकतम 120 किसानों से तुलाई के लिए एसएमएस की संख्या दोगुनी कर दी गई है। प्रारंभ में खरीद केन्द्र पर अधिकतम 60 किसानों से तुलाई हो रही थी।
सरसों एवं चना के लिए 6 मई तक 4 लाख 62 हजार 623 किसानों ने पंजीयन कराया है। इसमें से 2 लाख 60 हजार 623 सरसों एवं 2 लाख 1 हजार 997 चना के हैं। 139 खरीद केन्द्रों पर पंजीयन की क्षमता पूरी हो गई थी। इन केन्द्रों सरसों के 52 तथा चना के 87 की पंजीयन सीमा को 10 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है। इस निर्णय से करीब 10 हजार किसानों को और लाभ होगा। सहकारिता के प्रमुख शासन सचिव नरेशपाल गंगवार ने बताया कि 17 हजार 118 किसानों से 203.65 करोड़ रुपए की सरसों एवं चना की खरीद 6 मई तक की जा चुकी है। खरीद केन्द्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि उपज बेचान के लिए 78 हजार 849 किसानों को एसएमएस द्वारा सूचित किया जा चुका है। राजफैड की प्रबंध निदेशक सुषमा अरोड़ा ने बताया कि किसानों को उनकी सुविधा के अनुसार उपज बेचान हेतु खरीद केन्द्र का आवंटन किया जा रहा है।