
Good News For Kota: केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने कोटा के लिए 70 करोड़ रुपए से हाई लेवल ब्रिज बनाने समेत प्रदेश की 27 सड़कों के लिए 1154.47 करोड़ रुपए की दी मंजूरी दी है।
राज्य की 748.80 किलोमीटर की सड़कों का चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। प्रदेश के 15 लोकसभा क्षेत्रों के 17 जिलों में इस राशि से वृहद जिला सड़क (एमडीआर) तथा स्टेट हाई-वे श्रेणी की 27 सड़क परियोजनाओं का चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके तहत कोटा में कालीसिंध नदी पर 70 करोड़ रुपए की लागत से हाई लेवल ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा संभाग के बूंदी जिले में 80 करोड़ की लागत से 33 किलोमीटर सड़क, झालावाड़ जिले में 149.97 करोड़ की लागत से 81.25 किलोमीटर, राज्य सड़कों का सुदृढीकरण एवं चौड़ाईकरण करवाया जाएगा।
केन्द्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) से राज्य की सड़कों के विकास के लिए और सेतु बंधन योजना के तहत केन्द्र सरकार की ओर से यह राशि स्वीकृत की गई है। प्रदेश की विभिन्न सड़कों एवं नवीन वृहद परियोजनाओं के विकास में सहयोग के लिए उप मुयमंत्री दीया कुमारी ने गुरुवार को केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी।