कोटा

शहर में मची क्रिसमस की धूम, सूटबूट में खिले चेहरे, मदद कर मनाया क्रिसमस का त्यौहार

कोटा. शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थित चर्च में क्रिसमस के आयोजनों की धूम रही।
2 min read
• •
Updated: 25 Dec 2017, 10:18 PM IST
Christmas

सांता के उपहार और गीतों की मिठास, सजे-धजे चर्च और सूटबूट में खिलते चेहरे। हर तरफ खुशियों का आलम और मीठे गीतों की सरगम। कहीं कैंडल जलाकर तो कहीं हाथ जोड़कर तारनहार से सुख-समृद्धि की कामना। रेह्वरेंट की वाणी के साथ प्रभु यीशु के संदेश आत्मसात करते लोग। इसी तरह के माहौल में सोमवार को क्रिसमस पर्व मनाया गया।
शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थित चर्च में क्रिसमस के आयोजनों की धूम रही।

देर रात तक चली प्रार्थना के बाद अलसुबह फिर से प्रार्थना दौर शुरू हो गया। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। स्टेशन, रायपुरा, सब्जीमंडी समेत अन्य चर्च में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। संगीतमय वातावरण में लोगों ने प्रभु यीशु की प्रार्थना की। संदेश सुने और बाद में एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। प्रभु जन्म की झांकियां सजाई गई। सांता ने उपहार बांटे। अब आओ विश्ववासियों जय-जय करते आओ..., गुनहगारों को देने सहारा आया चरनी में तारणहारा..., हमारे वास्ते वो आसमानी प्यार लाया है... सरीखे गीतों की मिठास घुली।

Read More: गुरु गोबिंद सिंह प्रकाशोत्सव में शबद सुन संगत हुई निहाल, गुरुग्रन्थ साहिब के सम्मुख टेका मत्था

निष्क्रिय बनकर मत रहो

सब्जीमंडी स्थित सीएनआई चर्च में रेव्हरेंट रेमसन विक्टर के सान्निध्य में क्रिसमस पर्व मनाया। रेमसन ने कहा कि सिर्फ क्रिसमस मनाने भर से काम नहीं चलेगा। चिंतन करो, हमारा जीवन किस लिए है। हमारे जीवन का उद्देश्य है। जीवन में निष्क्रिय बनकर मत रहो। ईश्वर का गुणगान के साथ अच्छे कार्य करते रहना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रभु लोगों को शांति व कल्याण का मार्ग बताने के लिए आए।


लोगों में बांटो आनंद
रायपुरा स्थित इम्मानुएल चर्च में बिशप डॉ. सेमुअल थॉमस, मिशन पास्टर डॉ. मारीसन बेबी के सान्निध्य में क्रिसमस मनाया। इसमें बिशप थॉमस ने कहा कि प्रभु यीशु ने संसार में प्रेम व आनंद का संदेश दिया। इसी संदेश को जन-जन तक फैलाना है। लोगों को खुशियां मिले, ऐसे कार्य करो। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शांति धारीवाल, पीसीसी महामंत्री पंकज मेहता समेत अन्य गणमान्य शामिल हुए। चर्च के सदस्यों ने केरोल सिंगिंग की व सांता ने उपहार बांटे। देर तक शुभकामनाओं का दौर चला। स्टेशन स्थित सेंट जोसफ चर्च में भी क्रिसमय मनाया।

मदद कर मनाया क्रिसमस

डॉ. मारीसन ने बताया कि आयोजन के दौरान दो जरूरतमंदों को साइकिल, एक को ट्राई साइकिल, 6 को रोजगार के लिए ठेले भेंट किए। 15 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीनें, कूकर व डिनरसेट भेंट किए।


कुछ चहके, कुछ सहमे
आयोजनों के दौरान कई जगहों पर सांता क्लॉज आया और बच्चे और युवा व अन्य के लिए उपहार लाया। जिंगल बेल, जिंगल बेल के संगीत के साथ सांता ने उपहार बांटे। कई ने तो सांता से हाथ भी मिलाया। वहीं कुछ बच्चे विशेष रूप के सांता को देख सहम गए। उपहार मिले तो बच्चों के चेहरों पर रोनक लौटी।

दिनभर हैप्पी क्रिसमस

क्रिसमस की पूर्व संध्या से ही बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया था। सोमवार को भी बधाई का दौर दिनभर चला। लोगों ने फोन, मोबाइल पर क्रिसमस विश किया। घर जाकर शुभकामनाएं दी। इस दौरान केक व अन्य मिष्ठानों से मुंह मीठा करवाया गया। चर्च में प्रार्थना के बाद ही घर-घर जाकर बधाई देने का दौर शुरू हो गया था।

Updated on:
25 Dec 2017, 10:18 PM IST
Published on: