कोटा

Patrika Impact: मुक्तिधाम को मिली कंटीली झाडि़यों से मुक्ति, हटाया दशक पुराना कचरा प्वॉइंट

राजस्थान पत्रिका की पहल पर कोटा के मुक्तिधामों की दशा सुधारने लगी है। श्रीराधे मित्र मंडल कार्यकर्ताओं ने थेगड़ा मुक्तिधाम को गंदगी से मुक्ति दिलाई।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2017, 4:43 PM IST
Rajasthan Patrika Campaign, Rajasthan Patrika News Impact, Cleaning of Cremation Grounds Kota, Smart City Kota, Kota rajasthan Patrika, Patrika News Kota, Swachh Bharat Abhiyan
Cleaning of cremation grounds of people

मुक्तिधामों (शमशान घाटों) की दशा सुधारने, उन्हें गंदगी और अव्यवस्थाओं से मुक्त कराने का राजस्थान पत्रिका का अभियान रंग लाने लगा है। मुक्तिधाम की सफाई और देखभाल के लिए कोटा के लोग आगे आने लगे हैं। रविवार को भी कई सामाजिक संस्थाओं ने मुक्तिधामों में पहुंचकर श्रमदान किया।

कटीली झाड़ियों से मिली मुक्ति

श्रीराधे मित्र मण्डल गोरधनपुरा के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने थेगड़ा मुक्तिधाम की कंटीली झाडिय़ों को काटा, मुक्तिधाम में झाड़ू लगाया और विश्राम स्थल हॉल की धुलाई की। राजेन्द्र कछावा की अगुवाई में सोहनसिंह, राजकुमार प्रजापति, नरेश सुमन, गगन शर्मा, श्याम गौड़, दीपू सहित दर्जनों कार्यकर्ता थेगड़ा मुक्तिधाम पहुंचे। उन्होंने झाड़ू लगाकर गन्दगी साफ की। परिसर में उगी झाडिय़ां, बबूल काटे। गौड़ ने बताया कि यहां से करीब 10 ठेला कचरा फेंका। आधा ट्रॉली जंगली पौधे झाडिय़ों को काटकर एक स्थान पर इकटठा किया। इसके बाद टीम ने देवली अरब रोड़, बोरखेड़ा स्थित मुक्तिधाम की भी सफाई की। अन्त्येष्टि स्थल के आसपास फैली गंदगी साफ की। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान संकल्प लिया कि वे हर सप्ताह मुक्तिधाम की सफाई करेंगे।

हटाया सालों पुराना कचरा प्वॉइंट

कोटा रेलवे स्टेशन स्थित भगत सिंह कॉलोनी में रविवार को एक दशक पुराना कचरा प्वॉइंट निगम ने हटा दिया। इस कचरा प्वॉइंट को हटाने के लिए कई बार क्षेत्र के लोगों ने निगम को शिकायत की, लेकिन लम्बे समय से सुनवाई नहीं हो रही थी। निगम के सफाई कर्मचारियों ने कचरा प्वॉइंट की सफाई की। साथ ही, यहां पौधारोपण भी किया। स्थानीय पार्षद वंदना अग्रवाल ने बताया कि यहां कचरा फैला रहने से दुर्गंध से लोगों का निकलना दुश्वार था। गंदगी, दुर्गंध के चलते मौसमी बीमारियां फैलने का अंदेशा था। कॉलोनी में आस-पास 7 स्कूलों के बच्चे भी इसी जगह से गुजरते थे। कचरा प्वॉइंट पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा रहता था। एेसे में कई बार क्षेत्रवासी घायल भी हो चुके।

इंजीनियरिंग छात्रों ने किया श्रमदान

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के एनएसएस छात्रों ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत रविवार को गोदावरी धाम पर श्रमदान किया। छात्र-छात्राएं सुबह गोधावरी धाम पहुंचे और परिसर में श्रमदान कर सफाई की। एनएसएस से जुड़े विद्यार्थी हर रविवार कॉलेज में साफ- सफाई, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, ब्लड डोनेशन समेत कई कार्यक्रमों में योगदान देते आ रहे हैं। श्रमदान करने वालों में एनएसएस को-ऑर्डिनेटर तरुण राठौर, शुभम चौरसिया, विनोद कुमावत समेत कई विद्यार्थी शामिल थे।

Published on: