कोटा

Kota News: कांग्रेस नेता देवा भड़क गिरफ्तार, थाने में हंगामे के बाद कोटा पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन

Congress Leader Deva Bhadak Arrested: कोटा में वन विभाग की कार्रवाई के विरोध के दौरान कांग्रेस नेता देवा भड़क को रानपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Jun 15, 2026
Kota News
तोड़फोड़ के दौरान की फोटो और इनसेट में कांग्रेस नेता देवा भड़क का फाइल फोटो: पत्रिका

Forest Department Action: कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र में अमरकुआ गांव की वन विभाग कार्रवाई के बाद विवाद बढ़ गया। कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण रानपुर थाने पहुंचे। इस दौरान थाने के बाहर हंगामा की और तोड़फोड़ हुई। मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता देवा भड़क समेत एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।

फोटो: पत्रिका

वन विभाग ने बताया कि टीम अमरकुआ क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए गई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया और वन विभाग की टीम पर पथराव कर दिया। इस घटना में वन विभाग के कुछ कर्मचारियों को चोटें आई थीं। इसके बाद वन विभाग ने कोटा के रानपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई और कार्रवाई की मांग की।

घायल वनकर्मी का फोटो: पत्रिका

पुलिसकर्मी और वनकर्मी के आई चोंटें

वन विभाग की रिपोर्ट के बाद अमरकुआ गांव के लोग विरोध जताने के लिए रानपुर थाने पहुंच गए। इसी दौरान कांग्रेस नेता देवा भड़क भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि थाने के बाहर मौजूद वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाद बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। इस दौरान वन विभाग की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। घटना में दो वनकर्मी घायल हो गए। वहीं दोनों पक्षों को शांत कराने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई। बताया जा रहा है कि उस समय करीब 100 से 150 लोग मौके पर मौजूद थे।बढ़ते हंगामे और कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाई और कांग्रेस नेता देवा भड़क समेत एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, अभद्रता करने, तोड़फोड़ करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोपों में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। वन विभाग की ओर से दी गई रिपोर्ट और मौके से मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और पुलिस जांच में जुटी है।

Updated on:
15 Jun 2026 02:17 pm
Published on:
15 Jun 2026 11:30 am