15 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jalore Murder: शराब के नशे में परेशान करने से तंग आकर मां-बेटों ने की पिता की हत्या, ईंट-लाठी से पीट-पीटकर ली जान

Mother-Son Killed Alcoholic Father: मां-बेटे ने मिलकर पिता की हत्या कर दी। जिसका खुलासा पुलिस ने किया। दरअसल शराब के नशे में पिता झगड़ा और मारपीट करते थे। जिससे परेशान बेटे और मां ने मिलकर ईट-लाठी से मार-मारकर पिता की जान ले ली।

2 min read
Google source verification
Rajasthan Police Jeep

पुलिस जीप की प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Rajasthan Crime: जालोर के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के आलासन गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 11 जून को हुई इस घटना में मृतक की पत्नी, बेटा और बेटी ही उसकी हत्या के आरोपी निकले हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो नाबालिग बच्चों को निरुद्ध किया है।

थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना के बाद मृतक पप्पाराम (56) के भाई किशोर वाल्मीकि ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि उसके भाई की हत्या की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मौके पर एफएसएल और एमओबी टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए और घटनास्थल की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी करवाई गई।

शराब पीकर करता था परेशान

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। पूछताछ और सबूतों के आधार पर सामने आया कि मृतक पप्पाराम शराब का आदी था और आए दिन घर में विवाद करता था। वह नशे की हालत में परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी करता था, जिससे पूरा परिवार लंबे समय से परेशान था।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भी पप्पाराम ने शराब के नशे में घर में विवाद किया और परिजनों को धमकाया। इसी से गुस्से और आक्रोश में आकर पत्नी अतियादेवी (50), पुत्र राणाराम (20), नाबालिग पुत्र और नाबालिग पुत्री ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने ईंट और लाठी से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

पत्नी और बेटा गिरफ्तार

घटना के बाद परिजनों ने इसे सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की लेकिन रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच की तो असलियत सामने आ गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन भी पप्पाराम ने शराब के नशे में घर में विवाद किया और मारपीट की, जिसके बाद गुस्से में आकर सभी ने ईंट और लाठी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को मौके पर छोड़ दिया गया। पुलिस ने पत्नी और पुत्र को गिरफ्तार कर जिला कारागृह जालोर भेज दिया है, जबकि दोनों नाबालिगों को विधि से संघर्षरत मानते हुए बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।