14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान को जल्द मिलेगी एक और ट्रेन की सौगात, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी

राजस्थान को जल्द ही एक और एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। इस ट्रेन के चलने से राजस्थान के 5 जिलों को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा। वहीं राजस्थान से अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जल्द ही बीकानेर-साबरमती एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।

2 min read
Google source verification

जालोर

image

Kamal Mishra

Jun 14, 2026

Bikaner Sabarmati Express

Indian Railway : राजस्थान-गुजरात के बीच जल्द चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन (फोटो-पत्रिका)

जालोर। बीकानेर-साबरमती वाया जालोर के बीच जल्द ही नई ट्रेन के संचालन की चर्चाएं जोरों पर हैं। रेलवे विभाग की ओर से अभी तक आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है। लेकिन यह चर्चा है कि राजस्थान और गुजरात के लोगों को जल्द ही एक नई रेल सेवा का उपहार मिलने जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शीघ्र ही अहमदाबाद (साबरमती)-बीकानेर (लालगढ़) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह नई रेल सेवा गुजरात के अमदाबाद और राजस्थान के बीकानेर के बीच सीधा, तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।

यह नई एक्सप्रेस ट्रेन पश्चिम भारत के दो प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी। अब गुजरात के प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर, पाटन की रानी की वाव और अमदाबाद की समृद्ध विरासत का आनंद लेना हो या फिर राजस्थान के जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस तथा बीकानेर की समृद्ध संस्कृति और मरुस्थलीय पर्यटन का अनुभव करना हो, यह नई एक्सप्रेस यात्रियों को सुविधाजनक और सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।

इन स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव

नई ट्रेन गुजरात के अमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों तथा राजस्थान के जालोर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों को लाभ पहुंचाएगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ होंगे।

740 किमी का होगा यह रूट

740 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह नई एक्सप्रेस सेवा के प्रारंभ होने के साथ ही बीकानेर से अमदाबाद तक दैनिक एक्सप्रेस रेल संपर्क स्थापित हो जाएगा। इस दैनिक ट्रेन सेवा से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को विशेष सुविधा प्राप्त होगी। यह ट्रेन दोनों राज्यों के क्षेत्रीय विकास, आर्थिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

रेल मंत्री दिखाएंगे ट्रेन को हरी झंडी

रेलवे की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार इस नई रेल सेवा को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाएंगे। हाल ही में रेल मंत्री ने राजस्थान के लोगों को अनेक महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और सेवाओं का उपहार दिया है। कुछ दिन पहले ही उन्होंने जोधपुर से विभिन्न रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा जैसलमेर में कोच केयर कॉम्पलेक्स का शुभारम्भ किया। साथ ही जालोर से रेल मंत्री की ओर से भुज-जालोर-पाली-दिल्ली नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई, जिससे जालोर, पाली और आसपास के क्षेत्रों को पहली बार दिल्ली और भुज से सीधा रेल संपर्क प्राप्त हुआ।