
राजस्थान पुलिस की जीप की फाइल फोटो: पत्रिका
Jalore Crime News: राजस्थान के जालोर जिले में सायला में किराए के कमरे में रहने वाली युवती की संदिग्ध मौत के मामले में मृतका के भाई ने एक शिक्षक और उसके पुलिसकर्मी भाई पर मानसिक प्रताड़ना व धमकियों का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। परिजनों का कहना है कि लगातार दबाव और तनाव के चलते युवती ने यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार बूंदी जिले की हिण्डोली तहसील के गोकुलपुरा निवासी लोकेन्द्र कुमार मीणा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में भाई ने बताया कि उसकी बहन ललिता कुमारी मीणा की 4 साल पहले शिक्षक से दोस्ती हुई थी। वह पिछले करीब चार वर्षों से पगार निवासी हाल सायला थाना के क्षेत्र गांव में कार्यरत शिक्षक धनराज मीणा से बात करती थी।
आरोप है कि धनराज ने विवाह का झांसा देकर करीब तीन माह पूर्व उसे सायला लाकर किराए के मकान में अपने साथ रखा था। परिजनों ने बताया कि कुछ समय से ललिता मानसिक तनाव में थी। करीब पंद्रह दिन पहले उसने फोन पर परिवार को बताया था कि शिक्षक धनराज का भाई राजेश मीणा, जो राजस्थान पुलिस में कार्यरत है, उसे लगातार धमकियां दे रहा है।
इसके बाद परिवार ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर विवाद सुलझाने का प्रयास भी किया, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। बुधवार रात परिजनों को ललिता की मौत की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को फंदे से नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया। गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रिपोर्ट में लोकेन्द्र कुमार ने आरोप लगाया है कि शिक्षक धनराज मीणा और पुलिसकर्मी राजेश मीणा ने उसकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया तथा लगातार दबाव बनाया, जिसके कारण वह अवसादग्रस्त हो गई और उसकी मौत हो गई। उसने दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के भाई की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। अनुसंधान के आधार पर ही अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
सुरेंद्रसिंह, थानाधिकारी, सायला
पुलिस ने हमें मौका स्थल दिखाया तो कमरा अंदर से लॉक नहीं था। पंखा चल रहा था और उसमें कोई बैंड नहीं था। पुलिस ने हमें वीडियो दिखाया, जिसमें मृतका के घुटने फर्श पर टिके हुए थे। हमें शक है कि ललिता ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है।
महेंद्र/ लोकेंद्र, मृतका के भाई
Published on:
12 Jun 2026 01:08 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
