
जालोर में 4 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार। फोटो पत्रिका नेटवर्क
Jalore ACB Action : जालोर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की जालोर इकाई ने बुधवार को सायला तहसील की एलआर शाखा के पटवारी बंटी मीना को 4,000 रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है । आरोपी पटवारी के पास वर्तमान में पटवार हल्का सांगाणा का भी अतिरिक्त चार्ज था। आरोपी द्वारा एक परिवादी से उसकी कृषि भूमि का नामांतरण (म्यूटेशन) भरने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
एसीबी मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि परिवादी ने जयपुर स्थित एसीबी की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज करवाई थी । शिकायत में बताया गया था कि उसकी कृषि भूमि का म्यूटेशन (नामांतरण) भरने की एवज में पटवारी बंटी मीना द्वारा उसे लगातार परेशान किया जा रहा था और काम के बदले 10 हजार की रिश्वत राशि मांगी जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद जोधपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरवीजन में एसीबी चौकी जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। एसीबी टीम ने जब गोपनीय तरीके से शिकायत का सत्यापन करवाया, तो रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। बेहद शातिर तरीके से आरोपी पटवारी बंटी मीना मांग सत्यापन की कार्रवाई के दौरान ही परिवादी से 2 हजार रुपए की रिश्वत राशि पहले ही ऐंठ चुका था।
सत्यापन पूरा होने के बाद बुधवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ के नेतृत्व में एसीबी टीम ने सायला में जाल बिछाया। जैसे ही परिवादी ने आरोपी पटवारी बंटी मीना को रिश्वत की बकाया राशि के रूप में 4 हजार थमाए, वैसे ही एसीबी टीम ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घूस की पूरी रकम बरामद कर ली है।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीमें आरोपी पटवारी के विभिन्न ठिकानों और आवास पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, जहां चल-अचल संपत्ति और अन्य संदिग्ध दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एसीबी द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
Published on:
10 Jun 2026 05:59 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
