26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जालोर में सांसद को लोगों ने घेरा, गंदगी की तरफ पकड़कर ले गए, एक फोन से मौके पर हुआ समाधान

राजस्थान के जालोर जिले में एक बीजेपी पदाधिकारी से मिलने पहुंचे सांसद लुंबाराम चौधरी को स्थानीय लोगों ने सीवरेज की गंदगी को लेकर घेर लिया। मोहल्ले वालों की शिकायत पर सासंद ने नगरपरिषद एसआई को फोन लगाकर कहा- आपने 25 करोड़ लिए सफाई कहां है?
2 min read
Google source verification

जालोर

image

Kamal Mishra

Jul 26, 2026

Lumbaram Choudhary

Lumbaram Choudhary : फोन पर नगरपरिषद कार्मिकों को निर्देश देते सांसद। (फोटो-पत्रिका)

जालोर। शहर के हेड पोस्ट ऑफिस रोड पर सांसद लुंबाराम चौधरी को मोहल्ले के लोगों ने बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर घेर लिया। सांसद यहां भाजपा संगठन से पुराना जुड़ाव रखने वाले चिरंजीलाल दवे से मिलने पहुंचे थे। जैसे ही सांसद रवाना होने के लिए घर से बाहर निकले तो मौके पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और बदहाल सीवरेज सिस्टम से सड़क पर जमा गंदे पानी पर सांसद के सामने नाराजगी प्रकट की। लोगों ने सांसद का हाथ पकड़कर गंदगी दिखाई।

सांसद चौधरी ने कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए निर्देशित कर दिया है। इसपर मोहल्लेवासी शिव कुमार ने कहा कि 3 माह से ये बात सुन रहे हैं और 100 बार शिकायत दे चुके हैं, कहां हो रही है सफाई। इस दौरान सांसद ने नगरपरिषद एसआई को फोन लगाया। सांसद ने स्टाफ को बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर फटकार लगाई। सांसद ने कहा कि 'मैं हेड पोस्ट ऑफिस रोड पर खड़ा हूं, गंदा पानी जमा है। मुझे दो दिन में समस्या का स्थायी समाधान कर रिपोर्ट करो।'

सांसद ने कहा- 25 करोड़ लिए सफाई कहां है?

सांसद ने सफाई निरीक्षक से कहा कि सफाई की बात कर रहे हो, आपने 25 करोड़ रुपए लिए हैं सरकार से। कहां हो रही है सफाई। बाद में सांसद ने अपने फोन से आयुक्त शिवपालसिंह को भी फोन लगाया। आयुक्त ने सफाई का दावा किया, सांसद ने उनके दावे को दरकिनार किया और कहा कि मैं मौके पर हूं, सफाई नहीं हो रही। आप यहां सफाई करवाने के साथ समस्या का स्थायी समाधान कराएं। करीब 15 मिनट तक चले ड्रामे के बाद सांसद रवाना हो गए।

जनता का आक्रोश देख सांसद ने भी नाराजगी जताई

मोहल्ले वासियों की शिकायतें सुनने के बाद सांसद ने मौके से ही नगर परिषद आयुक्त से फोन पर चर्चा कर स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर परिषद की जिम्मेदारी है और इस प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेड पोस्ट ऑफिस रोड पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए, सीवरेज समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा आमजन को राहत देने के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाए।

दोपहर में मौके पर पहुंची मशीनरी

जालोर हेड पोस्ट ऑफिस रोड पर जमा गंदगी और सीवरेज लाइन ब्लॉकेज की समस्या के निस्तारण के लिए नगरपरिषद की टीम सुपर शकर मशीन लेके मौके पर पहुंची। इस दौरान ब्लॉकेज को निकाला गया। गौरतलब है कि हेड पोस्ट ऑफिस रोड पर सीवरेज लाइन ब्लॉकेज है और पिछले तीन साल से गंदा पानी सडकों पर बहता है।

यह वीडियो भी देखें :

3 माह पूर्व मिले थे शहरवासी

सुंदेलाव तालाब में पहुंच रहे गंदे पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए शहरवासी सांसद लुंबाराम चौधरी से सर्किट हाउस में मिले थे। यह मुलाकात भी दिशा की बैठक के बाद ही हुई थी। तब सांसद ने आश्वस्त किया था कि तीन माह में समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा। इस आश्वासन का धरातल पर कोई असर नहीं होने पर ही मोहल्लेवासियों ने सांसद के सामने आक्रोश जताया।

इन्होंने कहा-

'सीवरेज सिस्टम पुराना है और उसके ब्लॉकेज निकालने का काम चल रहा है। सांसद ने समस्या से अवगत करवाया था। जिसके बाद मशीनरी को भेजा था। एसटीपी तक पूरी लाइन के ब्लॉकेज निकालने पर ही समाधान हो पाएगा।' -शिवपालसिंह, आयुक्त, नगरपरिषद, जालोर

'लोगों ने सीवरेज सिस्टम की समस्या से अवगत करवाया था। मैंने निर्देशित किया है कि समस्या का दो दिन में समाधान किया जाए। यही नहीं समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी निर्देशित किया है।' -लुंबाराम चौधरी, सांसद