14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राहुल गांधी 17 जून को आएंगे कोटा, नीट छात्रों के मन की सुनेंगे बात, 3 घंटे चलेगा कार्यक्रम

Rahul Gandhi Kota: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जून को राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। कोटा के दशहरा मैदान में वे नीट छात्रों के मन की बात सुनेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दशहरा मैदान में राहुल गांधी का 3 घंटे तक कार्यक्रम चलेगा।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Kamal Mishra

Jun 14, 2026

Rahul Gandhi

Rahul Gandhi : राहुल गांधी कोटा में छात्रों से संवाद करेंगे (फोटो-@RahulGandhi)

कोटा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 17 जून को राजस्थान के कोटा दौरे पर आएंगे। देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को लेकर उठे सवालों और छात्रों से जुड़े मुद्दों के बीच राहुल गांधी कोटा में युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। उनका कार्यक्रम शाम 5.30 बजे दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर आयोजित होगा, जो करीब तीन घंटे तक चलेगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम और देहात अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह तैयारियों में जुट गए हैं।

इस कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि यहां पारंपरिक राजनीतिक सभाओं की तरह मंच नहीं होगा और न ही नेताओं के लंबे भाषण होंगे। राहुल गांधी सीधे छात्रों और युवाओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं और मन की बात सुनेंगे। इसके लिए विशेष कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे वे छात्रों के बीच जाकर उनसे आमने-सामने बातचीत कर सकेंगे।

राहुल गांधी छात्रों के मन की सुनेंगे बात

कांग्रेस नेताओं के अनुसार यह कार्यक्रम केवल भाषण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं और छात्रों के मुद्दों को समझने और उनकी भावनाओं को जानने का प्रयास होगा। नीट परीक्षा और पेपर लीक जैसे मामलों से उपजे असंतोष के बीच राहुल गांधी का यह संवाद कार्यक्रम राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

तैयारियों को लेकर हुई बैठक

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें एआईसीसी सचिव और राजस्थान की सह प्रभारी पूनम पासवान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम तथा तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

पीएम मोदी पर मन की बात थोपने का आरोप

पूनम पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल अपनी मन की बात देश पर थोपते हैं, जबकि राहुल गांधी देश के भविष्य माने जाने वाले छात्रों और युवाओं की मन की बात सुनने के लिए कोटा आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्र संवाद अभियान की शुरुआत की जाएगी।

बैठक में ये लोग हुए शामिल

बैठक में पीसीसी महासचिव अमित धारीवाल, कोटा दक्षिण प्रभारी सीताराम नैनीवाल, पूर्व अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, पूर्व विधायक पूनम गोयल, अर्चना सुराणा, डॉ. जफर मोहम्मद, शिवकांत नंदवाना समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। राहुल गांधी के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।