4 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ट्यूशन पढ़ाकर लौटी पत्नी, घर में संदिग्ध हालात में मिला पति का शव; कोटा में फाइनेंसकर्मी की मौत

Suspicious Death Of Finance Worker: कोटा में फाइनेंसकर्मी दीपक शर्मा का शव घर में संदिग्ध हालात में मिला। पत्नी के ट्यूशन से लौटने पर घटना का पता चला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Aug 04, 2026

Kota Finance Worker Death

मृतक की फाइल फोटो: पत्रिका

कोटा शहर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक फाइनेंसकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना तलवंडी क्षेत्र की है जहां किराए के कमरे में रहने वाले युवक का शव घर में मिला। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले कुछ समय से गृह क्लेश के कारण मानसिक तनाव में चल रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दीपक शर्मा (33) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बूंदी जिले का रहने वाला था और वर्तमान में कोटा के तलवंडी इलाके में अपनी पत्नी के साथ किराए के कमरे में रहता था। दीपक एक निजी कंपनी में फाइनेंसकर्मी के पद पर कार्यरत था।

ट्यूशन पढ़ाकर लौटी थी पत्नी

घटना का पता उस समय चला जब दीपक की पत्नी ट्यूशन पढ़ाने के बाद घर लौटी। घर पहुंचने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने खिड़की से अंदर देखा। अंदर पति को संदिग्ध हालत में देखकर वह घबरा गई। आसपास के लोगों की मदद से दीपक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। एएसआइ किशोर लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे गृह क्लेश और मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस की समझाइश पर हुआ पोस्टमार्टम

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद परिजन पहले पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे। बाद में पुलिस की समझाइश के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। परिजनों ने अब तक किसी व्यक्ति पर कोई संदेह जाहिर नहीं किया है और न ही किसी तरह की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक के परिवार, आसपास के लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से जानकारी जुटाई जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में रखा है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर की जाएगी।