कोटा

Kota: दिल और किडनी में घोंपा चाकू, पुरानी रंजिश के चलते 2 दोस्तों ने किया ताबड़तोड़ हमला, इलाज के दौरान युवक की मौत

Youth Died In Kota: पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहुल के दिल और किडनी पर चाकू से गंभीर वार किए गए थे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव और अंदरूनी चोटों के चलते उसकी मौत हो गई।
less than 1 minute read
Jun 07, 2025
Feature image
जांच करती पुलिस की AI जनरेटेड तस्वीर

Kota Stabbing Case: कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र के कालपुरिया इलाके में गुरुवार देर रात चाकूबाजी की घटना सामने आई। घायल 19 वर्षीय युवक राहुल बैरवा की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है, जब कालपुरिया क्षेत्र में रहने वाले राहुल बैरवा पर दो बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर घायल राहुल को तत्काल एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी हालत बिगड़ती देख उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि रास्ते में ही राहुल ने दम तोड़ दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहुल के दिल और किडनी पर चाकू से गंभीर वार किए गए थे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव और अंदरूनी चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने बताया कि राहुल की लक्की नामक युवक से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी के चलते लक्की और उसके एक साथी ने गुरुवार रात राहुल पर हमला किया। पुलिस ने लक्की नाम के दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Updated on:
07 Jun 2025 10:36 am
Published on:
07 Jun 2025 10:36 am