
चाकूबाजी के मामले में गिरफ्तार आरोपी (फोटो: पत्रिका)
Kota Crime: कोटा शहर में सुसाइड के बाद अब हाल ही के दिनों में चाकूबाजी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस की सख्ती और कार्रवाई के दावों के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। भीमगंजमंडी, नयापुरा और उद्योग नगर जैसे थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं। इन सभी मामलों में पीड़ितों को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक ठोस गिरफ्तार नहीं हो सकी है।
इन घटनाओं से यह स्पष्ट है कि कोटा में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को और अधिक सख्ती और सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि समाजकंटकों पर समय रहते लगाम लगाई जा सके।
हमारे द्वारा लगातार चाकूबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई की जा रही है। किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस सक्रिय होती है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
दिलीप सैनी, एडिशनल एसपी
भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में 24 मई की रात एक युवक ने व्यापारी भावेश दीक्षित पर चाकू से हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब भावेश अपने काम पर थे। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। आश्चर्य की बात यह है कि यह वारदात पुलिस थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। थाना प्रभारी रामकिशन गोदारा ने बताया कि आरोपी रोहित ने पुराने विवाद के चलते यह हमला किया है। रोहित के पिता भी उसी क्षेत्र में दुकान चलाते हैं। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
23 मई को भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र के डडवाड़ा इलाके में क्रिकेट खेलते समय दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और फिर चाकूबाजी में बदल गई। झगड़े में चार से पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
22 मई को नयापुरा थाना क्षेत्र के इस्माइल चौक में विशाल उर्फ बबलू पर पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला कर दिया गया। उसी दिन उद्योग नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने वीरेंद्र नामक युवक पर भी चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। दोनों मामलों में घायलों को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस ने घटनाओं को लेकर जांच शुरू की।
कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के कंसुआ इलाके में 21 मई की रात हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना को लेकर विशेष टीम गठित की गई, जिसने तत्परता से आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहमद आकिब (21), मेहरान (21), पंकज राठौर उर्फ बाबू (24), धीरज उर्फ गोलू बच्चा (19) और मोहमद जेद अंसारी उर्फ अफजेद उर्फ लाला शामिल हैं। सभी आरोपी कोटा शहर के उद्योग नगर क्षेत्र स्थित बॉबे योजना के निवासी हैं।
सीआई जितेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना 21 मई की रात करीब 10 बजे की है, जब फरियादी वीरेंद्र सिंह रघुवंशी उर्फ बाबू बंडल अपने मित्र अर्पित के साथ स्टेशनरी की दुकान जा रहा था। किराना स्टोर की गली में पहुंचने पर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 8-9 युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसे हाथ, पसली, सिर और जांघों पर गंभीर चोटें आईं। अन्य आरोपियों ने लाठियों से मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। उसका मित्र अर्पित मौके से भाग निकला और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
26 May 2025, 2:51 PM IST
Published on:
26 May 2025, 2:51 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.