
भाई को दूज का टीका करने के लिए बहनें घर पर इंतजार कर रहीं थीं, लेकिन काफी देर तक उसका कुछ पता नहीं चला तो घर वाले तलाशने निकले। बहनें उस वक्त सदमे में आ गईं जब पिता भाई की हत्या होने की खबर लेकर घर में घुसे। भाई का शव कोटा के कल्याणपुरा रेलवे स्टेशन पर बनी पानी की टंकी की सीढ़ियों पर मफलर से लटका मिला। सीमल्या थाना पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीमल्या थाना क्षेत्र के कल्याण पुरा रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब लोगों ने एक किशोर को पानी की टंकी के पास बनी सीढ़ियों पर फंदे से लटका हुआ देखा। इसी बीच मृतक किशोर को ढूंढते हुए उसके पिता रेलवे स्टेशन पहुंचे तो शव देख कर बिलख उठे। उन्होंने किशोर के जिंदा होने की उम्मीद में लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा और तुरंत सुल्तानपुर चिकित्सालय लेकर आए। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।
दो दोस्तों के साथ पार्टी करने निकला था घर से
किशोर के पिता हंसराज मीणा ने बताया कि उनका पुत्र योगेश उर्फ कालूलाल शुक्रवार को मंडोला गांव स्थित घर से दो दोस्तों के साथ शुक्रवार को दिवाली की पार्टी मनाने के लिए घर से निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच भाई दूज पर बहनें भी घर आ गई, लेकिन योगेश वापस नहीं लौटा तो सभी को किसी दुर्घटना की आशंका होने लगी। काफी तलाशने के बाद जब रेलवे स्टेशन पर देखने गए तो पानी की टंकी के पास सीढ़ियों पर लटका मिला।
मफलर से बांधा था गला
रेलवे स्टेशन पर किशोर की हत्या की खबर लगते ही जीआरपी थाना कोटा के हेड कॉन्स्टेबल ईश्वर सिंह मय जाप्ते के मौकेे पर पहुंच गए और शव का पंचनामा करवाया। उन्होंने बताया कि योगेश का शव स्टेशन पर स्थित पानी की टंकी की सीढ़ियों पर मफलर से लटका हुआ था। योगेश के पिता हंसराज मीणी ने किशोर की मौत को सदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। वही जीआरपी प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात कह रही है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया और मामले की जाच शुरू कर दी।