कोटा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा बोले; भाजपा के मंत्री ‘चवन्नी चोर’, राजस्थान में सरकार नहीं सर्कस है

Rajasthan Congress: कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार और मंत्रिमंडल के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा के मंत्री 'चवन्नी चोर' हैं। राजस्थान में सरकार नहीं सर्कस है।

2 min read
Jun 04, 2026
Rajasthan Political Controversy
Photo: Patrika

Rajasthan Congress: कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली मंगलवार को एक दिवसीय कोटा प्रवास पर आए। इस दौरान डोटासरा ने पत्रकार वार्ता में राज्य सरकार और मंत्रिमंडल के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा के मंत्री 'चवन्नी चोर' हैं। राजस्थान में सरकार नहीं सर्कस है। इन मंत्रियों की सुन कौन रहा है। मंत्री विभाग में काम बताते हैं और जब वह काम नहीं होता है, तो उससे अभद्रता करते हैं, गालियां देते हैं।

तीन साल से नीट के पेपर लीक हो रहे

डोटासरा ने कहा कि नीट के पेपर तीन साल से लगातार लीक हो रहे हैं। 2024 में नीट पेपर लीक होने पर सरकार ने इसे नहीं माना और इसके बाद 2025 व अब 2026 में भी नीट का पेपर लीक हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक माफियाओं को केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का संरक्षण है, प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।

कांग्रेस के अभियान से जातिगत जनगणना

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से जातिगत जनगणना के लिए अभियान चलाया गया। इसके बाद केन्द्र सरकार बैक फुट पर आई और जातिगत जनगणना शुरू की, लेकिन ओबीसी के हितों से कुठाराघात किया गया है। राहुल गांधी का कहना है कि जिसकी जितनी भागीदारी है, उसे उतनी हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने ओबीसी को 33 फीसदी आरक्षण दिया था।

प्रसूताओं की मौत के लिए सरकार जिम्मेदार : जूली

टीकाराम जूली ने कोटा में प्रसूताओं की मौत के मामले में सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि प्रसूताओं के मौत के मामले में 15 दिन बाद दवा की रिपोर्ट आई। दवा अमानक होने से प्रसूताओं की मौत हुई। यह हत्या है। मामले में दोषियों पर हत्या की धाराओं में कार्रवाई होनी चाहिए। जूली ने कोटा में प्रिंसिपल की नाले में गिरकर मौत और सीबीएसई की कॉपी चैकिंग घोटाले को भी सरकार की नाकामी बताया। ओबीसी कांग्रेस के चेयर पर्सन अनिल जयहिंद ने कहा कि 400 सीटों की बात करने वाली भाजपा संविधान सम्मेलन में 75 की जगह 36 सीटों पर अटक गई।

डोटासरा-जूली की मौजूदगी में गुटों में बंटी दिखी कांग्रेस

कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ कोटा शहर और देहात की कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह व अधिवेशन में कोटा कांग्रेस में लम्बे समय से चल रही गुटबाजी का असर दिखा। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की मौजूदगी में भी कांग्रेस गुटों में बंटी नजर आई। कार्यक्रम में हाड़ौती के कांग्रेस के विधायकों और जिलाध्यक्षों ने दूरी बनाए रखी। कोटा में हुए इस कार्यक्रम में दोनों जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल नहीं हुए, जबकि बूंदी जिलाध्यक्ष ने मंच साझा किया। डोटासरा ने भी पत्रकारों से बातचीत में माना कि कोटा में गुटबाजी है और उसे मिलकर दूर करेंगे।

Published on:
04 Jun 2026 09:22 am