कोटा

Kota: बुजुर्ग महिला से घर में घुसकर लूटी ढाई तोला सोने की चेन, बहन के लिए किराए का कमरा देखने के बहाने से आए थे बदमाश

Rajasthan Crime: लूट की वारदात तीन बदमाशों ने अंजाम दी है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।

2 min read
Jan 21, 2026
महिला से लूट के बाद में घटना के बारे मे जानकारी देती बुजुर्ग महिला (फोटो: पत्रिका)

Robbery Of Gold Chain In Kota: कोटा में महावीर नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने कमरा किराए पर देखने के बहाने एक 63 वर्षीय महिला को निशाना बनाया और आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली।

पीड़िता चंद्रमणि सोनी ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब एक बजे कुछ युवक उनके घर आए और कमरा किराए पर लेने की बात कही। महिला ने कमरा उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया। इसके बाद करीब दो बजे वे युवक फिर आए और दोबारा कमरा किराए पर देने का आग्रह किया। इस बार भी महिला ने साफ कह दिया कि उनके यहां केवल लड़कियों को ही कमरा दिया जाता है। युवक ये कहकर चले गए कि वे बाद में आएंगे। पीड़िता ने बताया कि शाम करीब साढ़े चार बजे तीन युवक एक बार फिर घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी बहन के लिए कमरा किराए पर चाहिए।

ये भी पढ़ें

Jaipur: बर्थडे का सड़क पर जश्न, सरेआम फायरिंग के टशन से फैली दहशत, 4 आरोपी गिरफ्तार

महिला के अनुसार एक युवक बाइक पर बाहर खड़ा रहा, जबकि दो युवक घर के अंदर आए। उन्होंने ऊपर का कमरा दिखाने को कहा जिस पर महिला ने बताया कि उम्र अधिक होने के कारण वह सीढ़ियां नहीं चढ़ सकती।

इसी दौरान एक बदमाश ने थैली से मिर्ची पाउडर निकालकर महिला की आंखों में डाल दिया। अचानक हुई इस हरकत से महिला को तेज जलन होने लगी और वह खुद को संभाल नहीं पाई। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने उनके गले से करीब ढाई तोला सोने की चेन तोड़ ली और मौके से फरार हो गए।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

महिला की चीख-पुकार सुनकर बहू बाहर आई, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। घटना के बाद कॉलोनीवासी मौके पर जमा हो गए और पूर्व पार्षद गोपाल राम मंडा को सूचना दी गई। पार्षद की सूचना पर महावीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।

थाना अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि लूट की वारदात तीन बदमाशों ने अंजाम दी है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। घटना की सूचना पर कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष राखी गौतम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने पीड़िता से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी
: https://bit.ly/4bg81fl

ये भी पढ़ें

Dholpur: धौलपुर में भाजपा नेत्री और मौसी पर मारपीट-प्रताड़ित करने का आरोप, बेटी ने दर्ज कराई FIR

Published on:
21 Jan 2026 08:28 am
Also Read
View All

अगली खबर