कोटा

Kota News: सिनेमा हॉल में शो के बीच गिरा फॉल-सीलिंग का हिस्सा, कुर्सी छोड़कर भागे दर्शक, मची अफरा-तफरी

कोटा के आहलुवालिया मॉल स्थित सिनेमा हॉल में नाइट शो के दौरान फॉल-सीलिंग का हिस्सा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। दर्शक अपनी सीटें छोड़कर बाहर की ओर भागने लगे। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

2 min read
Jun 09, 2026
Ahluwalia Mall Theatre False Ceiling Collapse
फोटो: पत्रिका

Ahluwalia Mall Theatre False Ceiling Collapse: कोटा के नए रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित आहलुवालिया मॉल के एक सिनेमा हॉल में सोमवार देर रात नाइट शो के दौरान फॉल सीलिंग का हिस्सा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। दरअसल दर्शक रात 10:30 बजे का शो देख रहे थे। अचानक सीढ़ियों के ऊपर स्थित फॉल सीलिंग का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया जिससे हॉल में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और सब उठकर बाहर भागने लगे।

ये बोले दर्शक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आवाज के साथ सीलिंग का मलबा नीचे गिरा तो कई दर्शक अपनी सीटें छोड़कर बाहर की ओर भागने लगे। हादसे के दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। राहत की बात ये रही कि मलबा सीधे दर्शकों पर नहीं गिरा जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी कुछ वीडियो सामने आए। जिसमें सीढ़ियों और उसके पास की कुछ कुर्सियों पर मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि फॉल सीलिंग का एक हिस्सा सीढ़ियों के ऊपरी भाग के पास से टूटा था।

दर्शकों ने लगाया प्रबंधन टीम पर आरोप

हादसे की सूचना मिलते ही सिनेमा हॉल का प्रबंधन मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के मद्देनजर सभी दर्शकों को हॉल से बाहर निकाल दिया। दर्शकों का कहना है कि उन्हें शो बीच में ही छोड़कर बाहर आना पड़ा। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने घटना की जिम्मेदारी लेने के बजाय केवल मूवी टिकट की राशि वापस करने की बात कही और दर्शकों को बाहर भेज दिया। घटना के बाद मॉल और सिनेमा हॉल की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दर्शकों का कहना है कि यदि सीलिंग का बड़ा हिस्सा गिरता या मलबा सीधे लोगों पर आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं इस पूरी घटना और दर्शकों के आरोपों को लेकर मॉल या सिनेमा प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है।

सिटी मॉल में लगी थी भीषण आग

मॉल के इस हादसे ने एक बार फिर कोटा शहर के बड़े मॉल और व्यावसायिक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले झालावाड़ रोड स्थित सिटी मॉल में भी शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लगने की घटना सामने आ चुकी है, जिसमें पूरे मॉल को खाली कराना पड़ा था। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

Updated on:
09 Jun 2026 10:55 am
Published on:
09 Jun 2026 10:46 am