
अनिता बिश्नोई। फाइल फोटो- सोशल मीडिया
जोधपुर। सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग और कथित मानसिक प्रताड़ना के बाद विषाक्त पदार्थ का सेवन कर खुदकुशी का प्रयास करने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई के मामले में नया मोड़ आ गया है। अनिता के पति दीनाराम बिश्नोई की रिपोर्ट पर बनाड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चिकित्सकों से अनुमति मिलने के बाद अनिता के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह वीडियो भी देखें
बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ स्थित गोदारों की ढाणी निवासी अनिता बिश्नोई ने 3 जून को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में उन्हें जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मामले की जांच थानाधिकारी लेखराज को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार दीनाराम बिश्नोई ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि मालाराम बैगरा नामक व्यक्ति ने अनिता की इंस्टाग्राम आईडी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट को लेकर ट्रोलिंग बढ़ गई।
पति का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उनकी पत्नी और परिवार को निशाना बना रहा था। करीब तीन वर्ष पहले भी उसने अनिता पर गलत टिप्पणियां की थीं, जिसके बाद उसे ब्लॉक कर दिया गया था। इसका बदला लेने के लिए वह वीडियो बनाकर उनकी निजी जिंदगी को लेकर भ्रामक बातें फैलाता रहा। दीनाराम का कहना है कि लगातार हो रही ट्रोलिंग और आलोचनाओं ने अनिता को मानसिक रूप से परेशान कर दिया था। वह पहले की तुलना में चुप रहने लगी थीं और तनाव में रहने लगी थीं। इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
उधर, अस्पताल में भर्ती अनिता की सेहत में लगातार सुधार बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक वह अभी अधिक बातचीत नहीं कर पा रही हैं, लेकिन इशारों में संवाद कर रही हैं तथा आसपास हो रही गतिविधियों को समझकर प्रतिक्रिया भी दे रही हैं। चिकित्सकों का मानना है कि अगले दो दिनों में उनकी स्थिति और बेहतर हो सकती है।
अनिता बिश्नोई सोशल मीडिया की चर्चित इन्फ्लुएंसर हैं और विभिन्न मंचों पर उनके करीब 20 लाख फॉलोअर्स हैं। हाल में महिलाओं की वेशभूषा और सामाजिक मूल्यों से जुड़े एक वीडियो के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। परिजनों का आरोप है कि इसी घटनाक्रम ने उन पर गहरा मानसिक प्रभाव डाला।
Updated on:
08 Jun 2026 02:36 pm
Published on:
08 Jun 2026 02:27 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
