कोटा

लापता मीना का शव मिला कुएं में, ससुराल पक्ष पर प्रताडित करने का आरोप

तीन दिन बाद मंदिर के कुएं में मिला लापता विवाहिता का शव। पति का कहना, बीमारी के चलते डिप्रेशन में थी।
2 min read
Nov 02, 2017
Depression, Industry City Police Station, Missing, MBS Hospital, Postmortem, Police Investigation, Case Record, Crime, Crime in Kota,  Police in Kota, Kota, Kota News, Rajasthan Patrika, Patrika News
crime

उद्योग नगर थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता विवाहिता का शव बुधवार को मंदिर के कुएं में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसआई चंद्रभान सिंह ने बताया कि दोपहर 3.30 बजे मानसरोवर कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के कुएं में महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इस पर वे मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से शव बाहर निकाला। महिला की पहचान गायत्री विहार निवासी मीना नागर (32) के रूप में उसके पति संजय व पिता बद्रीलाल ने की। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा है, जिसका गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

मामला दर्ज, जांच शुरू

एएसआई सिंह ने बताया कि मीना 29 अक्टूबर को दोपहर में घर से निकली थी। इसके बाद से उसका कहीं पता नहीं चला। इस पर महिला के पति ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई। वहीं, मृतका के पिता ने पति व ससुराल पक्ष पर प्रताडि़त करने की रिपोर्ट दी है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

2006 में हुई थी शादी

बारां जिले के फतेहपुर निवासी बद्रीलाल नागर ने बताया कि उसकी पुत्री मीना का विवाह 2006 में नाहरगढ़ निवासी संजय नागर से हुआ था। शादी के बाद से ही पति व ससुराल वाले उसे कम दहेज लाने के लिए प्रताडि़त करते थे। इससे वह डिप्रेशन में रहती थी।

इलाज चल रहा था

रैत्या चौकी में फोरेस्टर मृतका के पति संजय ने बताया कि उनकी पत्नी लम्बे समय से बीमारी के चलते डिप्रेशन में थी। उसका इलाज भी चल रहा था, लेकिन ठीक नहीं होने से परेशान थी। इसी कारण वह 29 अक्टूबर को दोपहर में घर से निकल गई। उसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज करवाई थी।

Published on:
02 Nov 2017 02:47 pm