20 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नीट यूजी थर्ड राउंड काउंसलिंग 23 से, 7 अक्टूबर तक चॉइस फिलिंग

9 अक्टूबर को इंडिकेटिव और 10 अक्टूबर को प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट, अपग्रेड सीट ज्वाइन नहीं करने पर जब्त होगी सिक्योरिटी
2 min read
Google source verification
NEET UG Admission

NEET UG Admission: दूसरे राज्यों के छात्रों की पहली पसंद बना छत्तीसगढ़(photo-patrika)

राजस्थान नीट यूजी 2026 की राज्य स्तरीय थर्ड राउंड काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। एमबीबीएस और बीडीएस में प्रवेश के लिए तृतीय राउंड की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 23 सितम्बर से शुरू होगी। रजिस्ट्रेशन, सिक्योरिटी डिपॉजिट और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया के बाद 9 अक्टूबर को इंडिकेटिव तथा 10 अक्टूबर को प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट जारी किया जाएगा।

कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि थर्ड राउंड में पहली बार शामिल होने वाले नए अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फॉर्म के पार्ट-1 व पार्ट-2 भरने होंगे। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 2500 रुपए तथा एससी-एसटी अभ्यर्थियों के लिए 1500 रुपए रहेगी। पहले और दूसरे राउंड में रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी।

4 अक्टूबर को प्रोविजनल स्टेट मेरिट लिस्ट जारी होगी। इसी दिन डिफेंस, पैरामिलिट्री, एनआरआइ और पीडब्ल्यूडी श्रेणी की मेरिट सूची भी जारी की जाएगी। नए अभ्यर्थियों के दस्तावेज का सत्यापन 5 अक्टूबर को एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर के एकेडमिक ब्लॉक में होगा। पहले से दस्तावेज सत्यापित करा चुके अभ्यर्थियों को दोबारा सत्यापन नहीं कराना होगा। 6 अक्टूबर को अंतिम राज्य मेरिट सूची जारी की जाएगी।

7 अक्टूबर रात 11.45 बजे ऑटो लॉक होगी चॉइस

23 सितम्बर को सीट मैट्रिक्स जारी होगी। 24 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक चॉइस फिलिंग की जा सकेगी। अभ्यर्थियों की ओर से भरी गई चॉइस 7 अक्टूबर रात 11.45 बजे ऑटो लॉक हो जाएगी। पहले से कॉलेज अलॉट हो चुके अभ्यर्थियों को भी अपग्रेड के लिए नए सिरे से चॉइस भरनी होगी। जो अभ्यर्थी अपग्रेड नहीं चाहते, उन्हें थर्ड राउंड में शामिल होने की जरूरत नहीं है। 9 अक्टूबर को इंडिकेटिव सीट अलॉटमेंट और 10 अक्टूबर को प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट जारी होगा। अलॉटेड अभ्यर्थियों को 11 से 15 अक्टूबर के बीच एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर के एकेडमिक ब्लॉक में मूल दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से रिपोर्ट करना होगा।

थर्ड राउंड में सीट छोड़ने पर नियम सख्त

थर्ड राउंड में फ्रेश अथवा अपग्रेड सीट मिलने के बाद अभ्यर्थी सीट ज्वाॅइन नहीं करता है तो उसकी सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त हो जाएगी और वह राज्य स्तरीय काउंसलिंग के आगामी राउंड के लिए भी अपात्र रहेगा। राउंड-3 में सीट ज्वाॅइन करने अथवा पहले से अलॉट सीट को रिटेन करने वाले अभ्यर्थी को प्रवेश की अंतिम तिथि तक सीट छोड़ने या इस्तीफा देने की अनुमति नहीं होगी। इस अवधि में मूल दस्तावेज भी वापस नहीं किए जाएंगे। संबंधित कॉलेज या राज्य सरकार के बॉन्ड के नियम भी लागू होंगे। पहले या दूसरे राउंड में अलॉट सीट पर प्रवेश ले चुके और थर्ड राउंड में अपग्रेड होने वाले अभ्यर्थियों को पूर्व अलॉटेड कॉलेज की फीस जमा करने का प्रमाण भी साथ लाना होगा। व्यक्तिगत रिपोर्टिंग के बाद दस्तावेज और संबंधित फीस अपग्रेड हुए कॉलेज में ट्रांसफर की जाएगी। फीस में अंतर होने पर अतिरिक्त राशि जमा करनी होगी।

सिक्योरिटी डिपॉजिट 24 सितम्बर से जमा

पहले राउंड में रजिस्टर्ड और कॉलेज अलॉट हो चुके अभ्यर्थियों को नई सिक्योरिटी राशि जमा नहीं करनी होगी। हालांकि पहले राउंड में रजिस्ट्रेशन कराने के बावजूद सिक्योरिटी डिपॉजिट नहीं करने वाले अभ्यर्थी अब निर्धारित राशि जमा कर सकते हैं। सिक्योरिटी डिपॉजिट 24 सितम्बर से 7 अक्टूबर के बीच नेट बैंकिंग, आरटीजीएस या ऑनलाइन ट्रांसफर से किया जा सकेगा। सभी अलॉटेड अभ्यर्थियों को संबंधित कॉलेज की एक वर्ष की ट्यूशन फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी। सिक्योरिटी राशि को ट्यूशन फीस में समायोजित किया जाएगा। ऑनलाइन भुगतान की बैंक से सत्यापित रसीद, मूल दस्तावेज और आवश्यक बॉन्ड कॉलेज में रिपोर्टिंग के समय जमा करने होंगे।