कोटा

Kota: ‘शराब पीकर घर आता था…’, महिला प्रोफेसर को परेशान कर रहा था पूर्व पार्षद, पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल का भतीजा है आरोपी

Former Councilor Om Gunjal: शिकायत में बताया कि कुछ समय से ओम गुंजल का व्यवहार बदल गया है। वह उन्हें धमकियां देने लगा और शराब पीकर उनके घर आने लगा। प्रोफेसर के अनुसार आरोपी कई बार रात में घर आकर घंटी बजाता था, जिससे उन्हें काफी परेशानी और डर महसूस होने लगा।
2 min read
Mar 31, 2026
rajasthan police
प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

EX-Councilor Harassing Female Professor: कोटा विश्वविद्यालय की एक महिला प्रोफेसर ने पूर्व पार्षद ओम गुंजल के खिलाफ पीछा करने और धमकाने का मामला दर्ज करवाया है। अनंतपुरा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

पूर्व पार्षद ओम गुंजल (फोटो: पत्रिका)

प्रोफेसर की शिकायत पर मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार कोटा विश्वविद्यालय की महिला प्रोफेसर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि वह ओम गुंजल को करीब सात साल से जानती हैं। ओम गुंजल पहले कोटा विश्वविद्यालय से एमबीए कर चुका है और वर्तमान में वह उनके सुपरविजन में पीएचडी कर रहा है।

शिकायत में बताया कि कुछ समय से ओम गुंजल का व्यवहार बदल गया है । वह उन्हें धमकियां देने लगा और शराब पीकर उनके घर आने लगा । प्रोफेसर के अनुसार आरोपी कई बार रात में घर आकर घंटी बजाता था, जिससे उन्हें काफी परेशानी और डर महसूस होने लगा ।

घर पर लगाए CCTV

महिला प्रोफेसर ने बताया कि आरोपी की हरकतों से परेशान होकर उन्होंने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं । इसके अलावा सोसायटी के लोगों ने भी सुरक्षा के लिए उनके फ्लोर पर कैमरे लगवा दिए हैं । उन्होंने आरोप लगाया कि ओम गुंजल कई बार उन्हें धमका चुका है ।

प्रोफेसर ने पुलिस को यह भी बताया कि वह कोटा में एक अपार्टमेंट के फ्लैट में अकेली रहती हैं । ऐसे में आरोपी की लगातार हरकतों के कारण वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। इसलिए उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है ।

पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल का भतीजा है आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी ओम गुंजल पूर्व पार्षद रह चुका है और वह पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल का भतीजा बताया जा रहा है । मामले की जांच एएसआई प्रताप सिंह को सौंपी गई है ।

सीआई रमेश कविया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर ओम गुंजल के खिलाफ पीछा करने और धमकाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है । पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ।

Updated on:
31 Mar 2026 09:04 am
Published on:
31 Mar 2026 09:02 am