Kota Maternal Death: कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और जेकेलोन अस्पताल में चिकित्सकों की लापरवाही से सिजेरियन डिलीवरी के बाद किडनी संक्रमण के कारण अब तक चार प्रसूताओं की मौत हो चुकी है। वहीं, चार प्रसूताओं की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
Kota News: कोटा। कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और जेकेलोन अस्पताल में चिकित्सकों की लापरवाही से सिजेरियन डिलीवरी के बाद किडनी संक्रमण के कारण अब तक चार प्रसूताओं की मौत हो चुकी है। वहीं, चार प्रसूताओं की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जबकि भर्ती एक प्रसूता की तबीयत में मामूली सुधार हुआ है।
किडनी में संक्रमण के कारण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूता पायल और ज्योति की मौत हो गई थी। जेकेलोन अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद शनिवार देर रात बूंदी जिले के सुवासा निवासी 22 वर्षीय प्रसूता प्रिया महावर और रविवार देर रात डीसीएम श्रीराम नगर निवासी पिंकी महावर 26 वर्षीय की मौत हो गई।
मृतका प्रिया के पति रोहित ने बताया कि उसकी शादी 18 अप्रेल 2025 को हुई थी। 8 मई को प्रिया को प्रसव के लिए जेकेलोन अस्पताल लेकर आए थे, जहां चिकित्सकों ने सिजेरियन डिलीवरी की सलाह दी। 9 को करीब 1.30 सिजेरियन डिलीवरी हुई। उसके बाद ड्रिप चढ़ाई गई। शाम 5 बजे बाद अचानक प्रिया की तबीयत खराब होने लगी। रात 8 बजे के आसपास तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर चिकित्सकों ने जनरल वार्ड से वेंटिलेटर पर ले लिया। रोहित ने बताया कि उनसे जो दवा मंगाई गई, वह हम बाहर से लेकर आए, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और रात 11.30 बजे प्रिया की मौत हो गई।
12 बजे बाद डॉक्टर ने प्रिया को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने हमें खबर नहीं देकर सीधे पुलिस को सूचना दी। तीन गाड़ी में पुलिस मौके पर पहुंची और कहा कि या तो पोस्टमार्टम कराओ या शव को ले जाओ। उसके बाद हम घबरा गए। वह बिना पोस्टमार्टम के शव लेकर घर आ गए। रोहित ने बताया कि चिकित्सकों की लापरवाही के कारण प्रिया की मौत हुई है। चिकित्सकों ने कहा कि चाहे तो इसे प्राइवेट अस्पताल में ले जाओ, हमने हां भी कह दिया था, लेकिन बाद में प्रिया को आइसीयू में वेंटिलेटर पर रखा।
जेकेलोन चिकित्सालय में भर्ती प्रसूता पिंकी महावर की तबीयत रविवार शाम को गंभीर हो गई। पहले ही चिकित्सालय के इमरजेंसी आइसीयू में भर्ती पिंकी वेंटिलेटर पर थी। रविवार शाम तबीयत अधिक बिगड़ने पर चिकित्सकों ने परिजनों को प्रसूता को अपनी जिम्मेदारी पर वेंटिलेटर वाली एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाने को कहा। इसके बाद परिजन शाम करीब 5 बजे से वेंटिलेटर एम्बुलेंस का इंतजाम करने में जुटे रहे। परिजन मनीष महावर ने बताया कि उसकी मामी पिंकी (26) को जेकेलोन में भर्ती करवाया था, जहां उन्होंने सिजेरियन डिलीवरी के दौरान शिशु को जन्म दिया, लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ गई।
इस पर उन्हें उपचार के लिए चिकित्सालय के इमरजेंसी आइसीयू में भर्ती करवाया गया, जहां तबीयत और बिगड़ गई और उन्हें उपचार के लिए वेंटिलेटर लगाया गया, लेकिन तबीयत में रविवार को भी सुधार नहीं हुआ। चिकित्सक न तो उनके स्वास्थ्य के बारे में कुछ नहीं बता रहे। रविवार को चिकित्सकों ने आइसीयू में मोबाइल ले जाने पर भी पाबंदी लगा दी और केवल अच्छे उपचार का आश्वासन ही दिया। शाम करीब पांच बजे उन्होंने पिंकी की हालत को गंभीर बताते हुए उसे अपनी जिम्मेदारी पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाने की सलाह दी। देर रात पिंकी की मौत हो गई।
प्रसूताओं की मौत के बाद अब सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी के लिए महिलाओं को भर्ती करने से इनकार किया जा रहा है। पत्रिका टीम ने अस्पतालों में पहुंचकर बात की तो यह सामने आया। रामपुरा सेटेलाइट अस्पताल में भी भर्ती करने से हाथ खड़े कर दिए। इस कारण डिलीवरी के लिए निजी अस्पतालों में जाना मजबूरी हो गई।
उधर, प्रसूताओं की मौत के मामले में चिकित्सा प्रशासन ने मौन साध लिया है। जिम्मेदार जवाब देने से बच रहे हैं, सिर्फ इतना कह रहे हैं कि ‘ऊपर’ से उन्हें इस मामले में कोई बात नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। ओटी वार्ड का ड्यूटी रजिस्ट्रर भी गायब कर दिया है।
प्रिया की मौत टैचीकार्डिया हार्ट बीट ज्यादा होने से हुई है। उसकी हार्टबीट 200 से अधिक थी। चिकित्सा विभाग की कोई लापरवाही नहीं है। सिजेरियन डिलीवरी के बाद कुछ कॉम्प्लिकेशंस आ जाते हैं। परिजनों ने प्रिया का पोस्टमार्टम कराने की मना कर दिया। पोस्टमार्टम होता तो मौत का कारण स्पष्ट होता।
-डॉ. निर्मला शर्मा,अधीक्षक, जेके लोन अस्पताल, कोटा
प्रकरण की प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया चिकित्सा प्रोटोकॉल एवं प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही सामने आने पर विभाग ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की है। अस्पताल में भर्ती सभी प्रसूताओं की स्वास्थ्य स्थिति की निरंतर समीक्षा करते हुए चिकित्सकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी में सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जाए। राज्य सरकार ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने वाले सभी अधिकारी, चिकित्सक अथवा कार्मिक के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
-गायत्री राठौड़, प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग