कोटा

ACB Action: कोटा में तिलम संघ का जीएम 30 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, इसके एवज में मांग रहा था घूस

Rajasthan ACB Action : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने तिलम संघ कोटा के महाप्रबंधक रमेश चंद्र बैरागी को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
less than 1 minute read
Nov 26, 2025
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

Rajasthan ACB Action: कोटा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने तिलम संघ कोटा के महाप्रबंधक रमेश चंद्र बैरागी को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बैरागी पर समर्थन मूल्य खरीद केंद्र आवंटन और पिछले वर्ष खरीदे गए गेहूं के कट्टों से जुड़े भुगतान के एवज में कुल 1,45,000 रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।

एसीबी के डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी बारां चौकी में शिकायत दी थी कि पलायथा (जिला बारां) के समर्थन मूल्य खरीद केंद्र का आवंटन करने के बदले बैरागी द्वारा एक लाख रुपए तथा पिछले वर्ष खरीदे गए 45 हजार कट्टों पर प्रति कट्टा एक रुपए के हिसाब से 45 हजार रुपए अतिरिक्त मांगे जा रहे थे। इससे परेशान होकर परिवादी ने मामले की शिकायत की

शिकायत सत्यापन के बाद एसीबी कोटा रेंज के डीआईजी आनंद शर्मा के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालूराम वर्मा और टीएलओ डिप्टी एसपी प्रेमचंद के नेतृत्व में ट्रैप की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी बैरागी ने परिवादी से 30 हजार रुपए रिश्वत के रूप में लेकर अपनी जैकेट की बाईं जेब में रख लिए। टीम ने मौके पर राशि बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।

Updated on:
26 Nov 2025 04:38 pm
Published on:
26 Nov 2025 04:38 pm