Kota News: लोग बरसों से इस समस्या से खासे त्रस्त थे। हालत यह थी की इस इलाके के परिवारों में युवक-युवतियों के शादी-ब्याह में भी लोग कतराने लगे थे।
Rajasthan News: यहां गलियों में मांस बिक्री की बरसों पुरानी समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। यहां नगर पालिका की ओर से अंता रोड पर लाखों रुपए की लागत से बन रही मांस मंडी का निर्माण अंतिम दौर में चल रहा है।
मांस मंडी बनने के बाद शहर में खुले में मांस बेच रहे दुकानदारों को मांस मंडी में स्थानांतरित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यहां शहर में खटीकों के मंदिर से कुम्हार मोहल्ले तक जगह-जगह मांस की बिक्री होती है।
दुकानदार घरों के बाहर बनी दुकानों में खुले में मांस बिक्री करते हैं। अधिकांश समय मांस के अवशेष और अन्य गंदगी को भी नालियों में खुले में बहा देते है। जिसके चलते पूरा इलाका दिनभर सड़ांध मारता रहता है।
रास्ते से गुजरने वाले लोग भी बदबू से परेशान रहते हैं। बरसों से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार ज्ञापन भी दिए तो धरना-प्रदर्शन भी हुआ। नगर पालिका चुनाव में भी यह समस्या बढ़ा मुद्दा बनती आ रही है।
लोगों की मांग एवं समस्या पर बीते एक दशक में यहां मांस मंडी निर्माण के प्रयास भी खूब हुए। पूर्व के भाजपा बोर्ड में भी मांस मंडी के प्रस्ताव लेकर पहले तहसील रोड स्थित सब्जीमंडी के पीछे तथा बाद में थाकाजी मोहल्ला मुक्तिधाम के रास्ते पर मांस मंडी बनाने का प्रस्ताव लिया गया। लेकिन दोनों ही जगह लोगों के विरोध के चलते मांस मंडी का निर्माण शुरू नहीं हो सका। अब यह प्रयास बरसों बाद मूर्त रूप लेते नजर आ रहे है।
करीब डेढ़ साल पहले क्षेत्रीय पार्षद कृष्णकुमार गर्ग के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के समक्ष समस्या उठाई। काम में देरी पर तत्कालीन ईओ को ऊर्जा मंत्री की नाराजगी भी झेलनी पड़ी। अब नगर पालिका प्रशासन ने मांस मंडी का जोर शोर से काम शुरू करवाया है।
नगर पालिका ने अंता रोड पर राजकीय आईटीआई के सामने सरकारी जमीन का प्रस्ताव तय कर करीब 80 लाख रुपए मंजूर किए। इन दिनों यहां मांस मंडी का निर्माण अंतिम चरण में चल रहा है।
मांस मंडी में 17 दुकानें बनाई गई है। दुकानों के नीचे पशुओं को रखने और अन्य सारी सुविधाएं जुटाई गई है। बारिश में कीचड़ की समस्या ना हो इसके लिए अंता मुख्य सड़क से खेतों में होकर मांस मंडी तक नई सड़क भी बनाई जा रही है।
लोग बरसों से इस समस्या से खासे त्रस्त थे। हालत यह थी की इस इलाके के परिवारों में युवक-युवतियों के शादी-ब्याह में भी लोग कतराने लगे थे। उर्जा मंत्री के प्रयासों से लोगों को बरसों पुरानी समस्या से राहत मिलने जा रही है।
कृष्णकुमार गर्ग, निवर्तमान पार्षद
मांस मंडी निर्माण की मांग लोग बरसों से कर रहे थे। खुले में मांस बिक्री होने से लोगों की परेशानी भी थी। शहर से दूर मांस बिक्री होने से लोगों को परेशानी नहीं होगी। निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं।
मनोज मालव, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका सांगोद