6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota BJP Office: 32 हजार वर्गफुट भूमि पर बनेगा बीजेपी कार्यालय का चार मंजिला हाईटेक भवन

Rajasthan News: विशिष्ट अतिथियों में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा तथा लाडपुरा विधायक कल्पना देवी शामिल रहेंगे।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Apr 06, 2026

kota

प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Kota BJP New Office On DCM Road: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार शाम 4 बजे डीसीएम रोड स्थित अस्सी फीट रोड पर पार्टी के नए कार्यालय भवन का भूमि पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठजन सम्मान समारोह और सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है तथा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

2 कमरों में संचालित हो रहा था कार्यालय

कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से पार्टी का कामकाज सीमित संसाधनों के बीच चल रहा था और कई वर्षों से भाजपा का स्थानीय कार्यालय मात्र दो कमरों में संचालित हो रहा था। अब पार्टी का अपना स्थायी और व्यवस्थित कार्यालय भवन बनने जा रहा है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

राठौड़ होंगे मुख्य अतिथि

जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन में बहुप्रतीक्षित भाजपा भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस भवन के निर्माण को लेकर लंबे समय से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की इच्छा थी, जो अब साकार होने जा रही है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके अलावा कार्यक्रम में कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और मंत्री भी मौजूद रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा तथा लाडपुरा विधायक कल्पना देवी शामिल रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा और सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी।

32 हजार वर्गफुट भूमि पर होगा विकसित

निर्माणाधीन भाजपा भवन लगभग 32 हजार वर्गफुट भूमि पर विकसित किया जाएगा। इसमें करीब 20 हजार वर्गफुट क्षेत्र में चार मंजिला आधुनिक भवन बनाया जाएगा। इस भवन में कोटा शहर और कोटा देहात दोनों जिलों का कार्यालय संचालित किया जाएगा, जिससे संगठन के कामकाज को एक ही स्थान से सुचारु रूप से संचालित किया जा सकेगा।

भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ मीटिंग हॉल, पार्किंग व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निरीक्षण के दौरान महामंत्री रितेश चित्तौड़ा, महावीर नायक, उपाध्यक्ष जितेंद्र खजांची, कुलदीप सिंह तलवार, प्रकोष्ठ संयोजक केपी सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।