RIICO New Scheme: राजस्थान के कोटा, बारां और बूंदी जिलों में उद्योगों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। RIICO द्वारा नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए 453 भूखंडों का आवंटन किया जा रहा है।
New Industrial Area By हाड़ौती की धरती निवेशकों के लिए तैयार हो गई है। निवेशकों को भारत माला परियोजना के आसपास का क्षेत्र निवेश के लिए पंसद आ रहा है। इसके चलते रीको की ओर से नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए गए हैं।
इन औद्योगिक क्षेत्रों में भूखण्ड आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्टोन पार्क में 61 उद्योग लगाने के लिए भूखण्ड सृजित किए गए हैं। स्टोन पार्क दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे से सटा हुआ है। टॉय पार्क में भी भूखण्डों का आवंटन किया जाएगा। रीको की ओर से कोटा, बूंदी और बारां जिले में भूखण्डों का आवंटन किया जाएगा।
राइजिंग राजस्थान के तहत राज्य सरकार के साथ एमओयू करने वाले निवेशकों के लिए रीको इकाई कोटा की ओर से औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स भूखंडों के प्रत्यक्ष आवंटन शुरू हो गए हैं। अमानत राशि जमा कराने की अंतिम तिथि 14 मई रखी गई है। एमओयू निष्पादित निवेशक रीको की वेबसाइट या एसएसओ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राजस्थान सरकार ने वर्ष 2024-25 बजट में कोटा जिले में स्टोन मंडी-पार्क की घोषणा की थी। रीको की ओर से औद्योगिक क्षेत्र गुन्दी-फतेहपुर (रामगंजमंडी) की 18.834 हैक्टेयर भूमि पर स्टोन पार्क का नियोजन किया गया है। इसमें कुल 79 औद्योगिक भूखण्ड नियोजित किए गए हैं। इसमें 61 भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। स्टोन पार्क भारत माला परियोजना में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे के नजदीक है।
कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) के अधिकार क्षेत्र के बूंदी जिले की तालेड़ा तहसील के कछालिया गांव में 47.07 हैक्टेयर में स्टोन पार्क स्थापित किया जाएगा। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने इस स्टोन पार्क की जमीन आवंटन को मंजूरी दे दी थी। इसके बाद रीको ने 12.80 करोड़ रुपए की राशि जमा करवा दी है। स्टोन पार्क में प्रदूषण मुक्त औद्योगिक इकाइयां की स्थापना की जा सकेगी। यूरोप देशों में सेण्ड स्टोन का काफी निर्यात होता है।
कोटा, बूंदी एवं बारां जिले के अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में 449 औद्योगिक और 4 लॉजिस्टिक्स भूखंड उपलब्ध हैं। योजना के अंतर्गत किसी भूखंड के लिए एकमात्र आवेदन प्राप्त होने पर सीधा आवंटन किया जाएगा, जबकि एकाधिक आवेदन की स्थिति में 19 मई को ई-लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया जाएगा।
औद्योगिक क्षेत्र गुन्दी फतेहपुर, गुवाड़ी मझारी एवं टॉय पार्क के भूखंड 99 वर्ष की लीज पर मिलेंगे। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र स्टोन पार्क गुन्दी फतेहपुर, वेस्ट रिसाइक्लिंग पार्क गुन्दी फतेहपुर, कछालिया, तालाबगांव, श्रीराम जानकी नैनवां एवं पीपलखेड़ी के भूखंड रीको की फ्लेक्सिबल लीज पॉलिसी के तहत 33 वर्ष की लीज पर 60 प्रतिशत रियायती दरों पर उपलब्ध होंगे।
राजस्थान पत्रिका ने पिछले दिनों अपना खनिज-अपना उद्योग अभियान शुरू किया था। इसमें जिस जिले में जो खनिज निकलता है, उसकी प्रोसेसिंग इकाइयां लगाने की ओर से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। लोकसभा अध्यक्ष ने कोटा और बूंदी में स्टोन पार्क की घोषणा की थी। अब दोनों जिलों में स्टोन पार्क में भूखंडों का आवंटन शुरू हो गया है।
रीको के कोटा, बूंदी और बारां जिले में नए उद्योगों के लिए जिन निवेशकों ने एमओयू किया है, उनको भूखण्ड आवंटन किए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
वी.के. विजय वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक, रीको, कोटा