
कोटा. आरकेपुरम थाना क्षेत्र में श्रीनाथपुरम स्टेडियम के सामने रविवार शाम को कुछ हथियारबंद बदमाशों ने एक हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी और फ रार हो गए। हथियारबंद बदमाशों ने एक के बाद एक कई फायर कर उसके सिर को छलनी कर दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रणवीर चौधरी महावीर नगर पुलिस थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने घटना के बाद तत्काल शहर में नाकाबंदी करवा दी। मामले की जांच की जा रही है।
एडिशनल एसपी दिलीप कुमार सैनी ने बताया है कि शाम करीब 7.30 बजे सूचना मिली कि श्रीनाथपुरम में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचे तो स्टेडियम के ठीक सामने एक व्यक्ति पड़ा था। पुलिस ने शव को बरामद कर शिनाख्त के लिए पड़ताल शुरू की। पड़ताल करने पर पता चला कि मृतक महावीर नगर पुलिस थाने का हिस्ट्रीशीटर रणवीर चौधरी है। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक दिलीप दीपक भार्गव, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव सहित आईपीएस डॉक्टर अमृता दुहन, आर के पुरम पुलिस थाना अधिकारी सहित अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
सैनी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर रणवीर चौधरी श्रीनाथपुरम स्टेडियम के सामने आया हुआ था। रणवीर का पहले से ही कार में सवार कुछ बदमाश पीछा कर रहे थे। बदमाशों ने कार खड़ी करने के बाद जैसे ही रणवीर को देखा उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उसके सिर में एक के बाद एक कई फायर किए। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
इधर प्रत्यक्षदर्शी स्टेडियम के गार्ड लीलाधर ने बताया है कि शाम करीब छह बजे कोचिंग छात्रों को लेकर वह स्टेडियम में छोडऩे आया था। उसी दौरान उसे कई बार फायर की आवाज सुनाई दी। वह दौड़कर गेट के पास गया। वहां छोटे गेट के सामने युवक खून में लथपथ पड़ा था। उसने बताया कि इस दौरान उसने 3 जनों को आरकेपुरम की ओर से भागते भी देखा।
हत्या, लूट सहित कई मामले
पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर रणवीर के खिलाफ हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, मारपीट, झगड़े के मामले दर्ज हैं। प्रथम दुष्टया सामने आया कि मृतक का किसी प्रॉपर्टी से संबंधित विवाद हो सकता है। मृतक शिवराज गैंग और भानु प्रताप गैंग के साथ भी कार्य कर चुका।