Kota News: दुकान पर कचोरी बनाते समय गैस सिलेंडर की पाइप में लीकेज हो गया था, जिससे आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।
Fire Broke Out Due To Gas Cylinder Pipeline Leakage: कोटा के इटावा के पीपल्दा रोड मुख्य बाजार में मंगलवार सुबह एक रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार अरुण सिंह और थाना प्रभारी संदीप विश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पालिका की दमकल को भी सूचना दी गई, जिसने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सुबह करीब साढ़े सात बजे हलवाई काम कर रहा था, तभी आग भड़क उठी। आग लगने से आसपास की दुकानों को भी खतरा हो गया, जिनमें लाखों का माल भरा हुआ था। दमकल और प्रशासन की तत्परता से आग को नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन रेस्टोरेंट में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि दुकान पर कचोरी बनाते समय गैस सिलेंडर की पाइप में लीकेज हो गया था, जिससे आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आग की सूचना देने के बावजूद दमकल करीब 40 मिनट की देरी से पहुंची, जिससे आग और ज्यादा फैल गई। समय पर दमकल पहुंचती तो नुकसान कम हो सकता था। आग लगने से आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल बन गया।