
Kota News: गड़ेपान में सीएफसीएल फैक्ट्री के पास राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गैस रिसाव से बीमार हुए बच्चों के मामले में तीसरे दिन सोमवार को 6 गांवों में चिकित्सा विभाग की ब्लॉक स्तर पर गठित 10 टीमों ने 770 घरों का सर्वे किया।
इसमें गड़ेपान तथा उसके आसपास के 5 किमी की परिधि में आने वाले 5 गांवों का सर्वे किया गया। इसमें पांचडा में 57, पांचडा की झोपड़िया में 105, गड़ेपान की झोपड़िया में 80, वल्लभपुरा में 191, रूग्धी में 81 व गड़ेपान में 256 घरों का सर्वे किया गया। इसके अलावा एक चिकित्सा टीम ने स्कूल में 77 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इनमें 2 विद्यार्थियों को आंखों में जलन की शिकायत मिली। बाकी 75 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य ठीक पाया गया।
बीसीएमओ डॉ. राजेश सामर ने बताया कि सर्वे में अब तक 28 रोगी सामने आ चुके हैं। इनमें से 16 छात्र-छात्राएं जेके लोन अस्पताल में भर्ती हैं। 2 मरीज भूली बाई व स्कूल कर्मचारी हेमन्त एमबीएस अस्पताल में भर्ती है। उन्हें भी सांस लेने में तकलीफ थी। 10 मरीजों का चिकित्सा विभाग की टीमों की निगरानी में गांव में ही इलाज चल रहा है। उनकी प्रत्येक 3-3 घंटे में मॉनिटरिंग की जा रही है।
अस्पताल में भर्ती सभी 16 विद्यार्थियों की स्थिति सामान्य है। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अस्पताल का दौरा किया था। लोकसभा अध्यक्ष ने सभी बच्चों को स्वस्थ होने के बाद मेडिकल बोर्ड से परीक्षण करवाकर डिस्चार्ज करने के निर्देश दिए।
डॉ. निर्मला शर्मा, अधीक्षक, जेके लोन अस्पताल
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सोमवार को जेके लोन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने गैस रिसाव से प्रभावित बच्चों का हाल-चाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों की टीम से बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और समुचित इलाज के निर्देश दिए। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने सभी बच्चों से मुलाकात की और डॉक्टरों की टीम को लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बच्चों के इलाज के लिए बने मेडिकल बोर्ड को भी आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन को निर्देश दिए कि घटना की विस्तृत जांच की जाए और इसके सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग और सहायता दी जाएगी, साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए फैक्ट्री मालिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभागों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल बोर्ड की टीम काम कर रही है और सभी बच्चे फिलहाल स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को तभी अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी, जब उनके परिजन पूरी तरह संतुष्ट होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि गैस रिसाव के लक्षणों के रूप में बच्चों में आंखों में जलन, आंसू आना, सांस लेने में परेशानी, गले में जलन और एक अजीब गंध महसूस होने जैसी समस्याएं देखी गईं। यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि गैस रिसाव कैसे हुआ और इसमें कोई लापरवाही हुई या नहीं। इस दौरान मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. संगीता सक्सेना, जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, देहात अध्यक्ष प्रेम गोचर सहित डॉक्टर्स मौजूद रहे।
बता दें कि 16 फरवरी को गड़ेपान निवासी 3 छात्राएं कृष्णा (15) पुत्री चन्द्रप्रकाश बैरवा, पांचड़ा की झोपड़िया निवासी गौरी (14 ) पुत्री लक्ष्मीचंद लश्करी, गड़ेपान निवासी भावना (16) पुत्री महावीर बैरवा को रविवार रात जेके लोन अस्पताल कोटा में भर्ती करवाया गया था।
गैस रिसाव के बाद एक पीड़ित को कोटा ला रही एम्बुलेंस रास्ते में खराब हो गई। इस दौरान करीब आधे घंटे तक सीएफसीएल की एम्बुलेंस सीमलिया टोल के पास खड़ी रही। इसके बाद पीड़ित ने अपने हिसाब से गाड़ी की व्यवस्था की, लेकिन सीएफसीएल ने दूसरी एम्बुलेंस भेज दी। पीड़ित को दूसरी एम्बुलेंस से एमबीएस हॉस्पिटल लाया गया। दरअसल, स्कूल के कर्मचारी हेमंत कुमार की सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। उसे सांस लेने में दिक्कत हुई, गला जाम हो गया।
इलाज के लिए सीएफसीएल डिस्पेंसरी ले जाया गया। वहां उपचार के बाद एम्बुलेंस से कोटा रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में एम्बुलेंस खराब हो गई। हेमंत ने बताया कि वहां ऑक्सीजन लगाई और 2 ड्रिप चढ़ाई गई। करीब 1 घंटे बाद कोटा रेफर किया, लेकिन एम्बुलेंस टोल पर आते ही खराब हो गई। वहां आधे से 1 घंटे एंबुलेंस खड़ी रही। उसके बाद सीएफसीएल की ओर से दूसरी गाड़ी भेजकर कोटा पहुंचाया गया। पीड़ित ने बताया कि एम्बुलेंस में मेडिकल स्टाफ नहीं था, केवल एक दोस्त बबलू मीना व ड्राइवर था। कोटा में डॉक्टरों ने जांच के बाद नॉर्मल आया।
Published on:
18 Feb 2025 08:26 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
